सेंचुरियन। दक्षिण अफ्रीका ने दो मैचों की टेस्ट श्रृंखला के दूसरे टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को बेहद मजबूत बल्लेबाजी की और कप्तान फाफ डु प्लेसिस की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत अपनी पहली पारी आठ विकेट पर 481 रन बनाकर घोषित कर दी। जवाब में न्यूजीलैंड की पहली पारी शुरुआत में ही लड़खड़ा गई और मात्र 38 रन जोड़ने में उसने अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए हैं।
दिन का खेल खत्म होने तक कप्तान केन विलियमसन 15 रन और हेनरी निकोल्स चार
रन बनाकर नाबाद लौटे। वेर्नोन फिलेंडर ने किवी पारी के चौथे ओवर में
मार्टिन गुप्टिल (8) को स्टीयन वैन जिल के हाथों कैच कराया, जबकि छह गेंद
बाद ही डेल स्टेन ने टॉम लाथम (4) को विकेट के पीछे कैच करा दिया। रॉस टेलर
(1) दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रन आउट हुए।
इससे पहले तीन विकेट पर 283
रन से आगे खेलने उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम ने दूसरे दिन की शुरुआत भी अच्छी
की। न्यूजीलैंड को 12वें ओवर में दिन का पहला विकेट मिला। जीन पॉल डुमिनी
(88) टिम साउदी की गेंद पर विकेटकीपर के हाथों लपके गए। तेंबा बावूमा (8)
भी जल्द ही पैवेलियन लौट गए।
हालांकि इसके बाद वैन जिल (35) ने कप्तान
प्लेसिस का अच्छा साथ निभाया और 84 रनों की साझेदारी की। दिन के दूसरे सत्र
में वैन जिल के रूप में एकमात्र विकेट गिरा। प्लेसिस तीसरे सत्र में अपना
शतक पूरा कर सके। प्लेसिस पूरी 16 पारियों और करीब 19 महीने के अंतराल के
बाद टेस्ट क्रिकेट में शतक लगा पाए। प्लेसिस ने अपनी जुझारू पारी में 234
गेंदों का सामना किया और 12 बाउंड्री लगाई।
ऐसा दूसरी बार हुआ है जब
दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष पांच बल्लेबाज अर्धशतक लगाने में सफल हुए हैं।
सलामी बल्लेबाजों स्टीफन कुक (56) और क्विंटन डी कॉक (82) के अलावा हाशिम
अमला (58) ने भी अर्धशतकीय पारियां खेलीं, जिसे डी कॉक और प्लेसिस ने बखूबी
आगे बढ़ाया। न्यूजीलैंड के लिए नील वैग्नर पांच विकेट हासिल करने में सफल
रहे। श्रृंखला का पहला मैच ड्रा रहा था।
(IANS)