इंग्लैंड के खिलाफ T20 मैच नहीं खेलेगा यह दिग्गज!

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 28 अगस्त 2016, 6:32 PM (IST)

कराची। पाकिस्तानी ऑलराउंडर शाहिद आफरीदी का इंग्लैंड के खिलाफ अगले महीने मैनचेस्टर में होने वाले एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में खेलना मुश्किल नजर आ रहा है। फिलहाल दोनों देशों के बीच पांच मैच की वनडे सीरीज खेली जा रही है। इससे पहले खेली गई चार मैच की टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबर रही थी।

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बताया कि राष्ट्रीय चयनकर्ता सात सितंबर को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले एकमात्र टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए आफरीदी के नाम पर विचार नहीं कर रहे क्योंकि आफरीदी के घुटने में चोट है।

पीसीबी के सूत्रों ने कहा कि आफरीदी का एमआरआई स्कैन हुआ है और उन्हें अगले कुछ हफ्तों तक राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम से गुजरने की सलाह दी गई है। 36 वर्षीय आफरीदी ने गत वर्ष ही वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया था और अब वे सिर्फ टी20 मैच ही खेल रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि अप्रेल में भारत में आयोजित विश्व कप के बाद राष्ट्रीय टी20 कप्तान के पद से इस्तीफा देने वाले आफरीदी के नाम पर तभी विचार होगा जब वे अगले महीने राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप के अंतिम चरण के कुछ मैच खेलेंगे। आफरीदी ने 98 टी20 मैच में 1405 रन बनाने के साथ 97 विकेट चटकाए हैं।