यूपी के बरेली में रेप के बाद 3 नाबालिग बहनों की दर्दनाक हत्या

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 28 अगस्त 2016, 09:14 AM (IST)

नई दिल्ली/बरेली। यूपी के बरेली में एक बार फिर शर्मनाक मामला सामने आया है। खबर है कि तीन नाबालिग बहनों की रेप के बाद हत्या का चौंकाने वाला मामला सामने आने के बाद हडकंप मच गया है। तीनों चचेरी का शव नेशनल हाइवे-24 पर हावड़ा नदी के पास अलग अलग जगहों पर मिला। तीनों बहनों के चेहरे भी तेजाब से जले हुए मिले हैं। इस घिनौनी वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अब तक फरार हैं।



आरोप है कि हत्या से पहले तीनों के साथ रेप भी किया गया। तीनों लड़कियां आपस में चचेरी बहनें थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक तीनों बहनें शुक्रवार को दोपहर 12 बजे शौच के लिए गई थीं। लेकिन फिर वापस नहीं लौटीं।


घरवालों ने तलाशना शुरू किया तो उनकी कोई जानकारी नहीं मिली। इसके परिजनों ने मीरगंज थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस की खोजबीन शुरू की तो तीनों बहनों के शव अलग-अलग जगह से बरामद हुए। इनमें से एक लडक़ी का शव बनेही गांव के पास मिला।


दूसरा शव भाखड़ा नदी पर गुला के पास मिला जबकि तीसरा शव एनएच 24 पर भाखड़ा नदी के किनारे मिला। तीनों लडकियों की उम्र 13 से 15 साल के बीच बताई जा रही है।


परिजनों का आरोप है कि उनकी तीनों बेटियों की अगवा कर हत्या की गई और हत्या से पहले तीनों के साथ रेप भी किया गया है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।