लालसोट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस को सेवा पखवाड़ा 2025 के रूप में मनाने की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। उपखंड मुख्यालय पर स्थित जैन नसिया मंदिर प्रांगण इस भव्य आयोजन का साक्षी बनेगा।
17 सितंबर को दोपहर 2 बजे विधायक रामविलास मीणा सेवा पखवाड़े का शुभारंभ करेंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस समारोहपूर्वक मनाया जाएगा।
5,000 लोगों के जुटने का लक्ष्य:
कार्यक्रम संयोजक शंभू लाल कुईवाला ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री के जन्मोत्सव और सेवा पखवाड़े के शुभारंभ में लालसोट विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव से लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।एक मोटे अनुमान के अनुसार लगभग 5,000 लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं, ताकि आयोजन ऐतिहासिक और अनुशासित तरीके से संपन्न हो।
तैयारियों की समीक्षा:
भव्य आयोजन को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लेने हेतु सभापति प्रतिनिधि सोनू बिनोरी, शंभू लाल कुईवाला, अनिल बेनाडा, नगर मंडल अध्यक्ष अनिल बुर्जा ,प्रेमस्वरूप लामडा सहित अन्य पदाधिकारी स्थल पर पहुंचे और तैयारियों की समीक्षा की।उन्होंने मंच, बैठने की व्यवस्था, पेयजल व पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सेवा पखवाड़े का महत्व:
गौरतलब है कि सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान शिविर, स्वास्थ्य जांच शिविर, सामाजिक जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।इससे न केवल आमजन को सीधा लाभ मिलेगा, बल्कि सेवा और जनहित की भावना को भी बल मिलेगा।
कार्यकर्ताओं में उत्साह:
आगामी आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। स्थानीय स्तर से लेकर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों तक कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं। लोगों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए घर-घर सम्पर्क किया जा रहा है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे