-संभागीय आयुक्त ने प्रत्येक दो माह में कैम्प आयोजित कर समस्याओं का समाधान करने के दिए निर्देश
जोधपुर। जोधपुर सम्भाग के जिलों में वास कर रहे पाक विस्थापितों की विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को अटल सेवा केंद्र में सम्भागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, जिला कलक्टर गौरव अग्रवाल, पुलिस उप महानिरीक्षक (एसएसबी) हरेंद्र कुमार महावर सहित सम्भाग के सभी जिलों के कलेक्टर एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में पाक विस्थापितों की नागरिकता से जुड़े लंबित प्रकरणों की समीक्षा, स्वीकृति पत्र जारी प्रकरणों की प्रगति और बकाया नागरिकता प्रकरणों के निस्तारण के लिए कैम्प आयोजन एवं कैम्प कैलेंडर जारी करने की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके साथ ही जिला कलक्ट्रेट में हेल्प डेस्क स्थापित करने, पूर्व में आवंटित भूमि की खातेदारी एवं कब्जा सुपुर्दगी, लंबित लॉन्ग टर्म वीजा (LTV) आवेदनों के निस्तारण की प्रगति पर भी विचार हुआ। बैठक में उद्योग विभाग द्वारा पाक विस्थापितों के हुनर जैसे काशीदाकारी एवं अन्य पारंपरिक कौशल को प्रोत्साहन देने के लिए किए गए सर्वे और उसके बाद की कार्यवाही, रहवासीय क्लस्टर चिन्हित करने तथा पाक विस्थापितों को उपलब्ध करवाई जा रही मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा भी की गई।
संभागीय आयुक्त डॉ. प्रतिभा सिंह ने निर्देश दिए कि सभी लंबित प्रकरणों की सूची तैयार कर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को निर्देशित किया कि प्रत्येक दो माह में जिला स्तर पर कैम्प आयोजित कर नागरिकता संबंधी प्रकरणों का प्राथमिकता से निस्तारण करें। उन्होंने उद्योग विभाग के सहयोग से पाक विस्थापितों के कौशल का सर्वे कर उन्हें प्रशिक्षण दिलवाने और आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया। डॉ. सिंह ने कहा कि शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधा से कोई भी वंचित न रहे, इसकी सतत मॉनिटरिंग सभी जिलों में की जाए और सभी जिलों में पाक विस्थापितों की मूलभूत सुविधाओं की कमी को तत्काल दूर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि पाक विस्थापितों के लंबित नागरिकता प्रकरणों के निस्तारण संबंधी मासिक रिपोर्ट समय पर भेजी जाए और जिला स्तरीय समितियों की नियमित बैठकें आयोजित हों।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे