राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल में चार दिवसीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता संपन्न हुई

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 12 सितम्बर 2025, 6:15 PM (IST)

धौलपुर। राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल धौलपुर में 8 सितंबर से 11 सितंबर तक अंतर सदनीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में 14 वर्ष आयु वर्ग एवं 17 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 50 मुक्केबाजों ने हिस्सा लिया। चार दिन चली प्रतियोगिता में मुक्केबाजों ने अपनी सूझबूझ, बॉक्सिंग में निपुणता और शारीरिक क्षमताओं का बखूबी प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में उभर कर आए मुक्केबाजों को आईपीएससी बॉक्सिंग प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा एवं अगले माह होने वाली पेंटेंगुलर मीट में भी कुछ चुनिंदा मुक्केबाज भाग लेंगे। इस वर्ष की प्रतियोगिता में उज्जैन सदन ने 31 अंकों एवं 6 स्वर्ण एवं तीन रजत पदकों के साथ प्रथम स्थान प्राप्त किया। 17 अंकों एवं चार स्वर्ण पदकों के साथ विक्रम सदन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में विद्यालय प्राचार्य लेफ्ट कर्नल अमित शर्मा एवं विद्यालय के पूर्व छात्र रिटायर ब्रिगेडियर राजीव सरीन भी उपस्थित थे। ब्रिगेडियर सरीन ने प्रतिभागियों को मेडल वितरण कर उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि, यह प्रतियोगिता सिर्फ शारीरिक बल से नहीं बल्कि मानसिक बल और नीति निपुणता के आधार पर जीती जाती है। सभी प्रतिभागियों को उन्होंने बधाई देते हुए कहा कि मुक्केबाजी एक ऐसी प्रतियोगिता है जो हमें बहुत कम समय में उचित निर्णय लेने की कला सिखाती है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे