काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (DRC) में स्वास्थ्य अधिकारियों ने, देश के कसाई प्रान्त में इबोला महामारी के नए प्रकोप की घोषणा की है. गुरुवार तक यहाँ 28 संदिग्ध मामले सामने आ चुके हैं और 15 मौतों की ख़बर है, जिनमें 4 स्वास्थ्यकर्मी हैं. इबोला संक्रमण, दुर्लभ लेकिन बेहद गम्भीर और अक्सर घातक साबित हो सकता है. यह वायरस मनुष्यों के संक्रमित पशुओं जैसेकि चिम्पैंज़ी, गोरिल्ला, बन्दर, चमगादड़ के सम्पर्क में आने से फैल सकता है. इसके बाद, यह एक संक्रमित व्यक्ति से दूसरे में फैल सकता है.इसके लक्षणों में तेज़ बुखार, उल्टी, दस्त और रक्तस्राव (hemorrhaging) हैं. इबोला की औसत मृत्यु दर 50 फ़ीसदी तक हो सकती है. डीआरसी की राजधानी किन्शासा में स्थित राष्ट्रीय बायोमेडिकल अनुसंधान संस्थान द्वारा किए गए परीक्षणों में पुष्टि हुई कि इस प्रकोप की वजह, इबोला ज़ायरे स्ट्रेन (Zaire strain) है. इस नए प्रकोप का केन्द्र, काँगो लोकतांत्रिक गणराज्य (डीआरसी) के बुलापे और म्वेका इलाक़ों में बताया गया है. Tweet URL
विशेषज्ञों की तैनातीइस प्रकोप से निपटने के लिए कसाई प्रान्त में, एक राष्ट्रीय त्वरित प्रतिक्रिया टीम तैनात की गई है, जिसे महामारी विज्ञान, संक्रमण रोकथाम व नियंत्रण, और प्रबन्धन के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के विशेषज्ञों से सहयोग प्राप्त है.साथ ही, प्रभावित इलाक़ों में समुदायों तक बचाव उपायों की जानकारी देने के लिए संचार विशेषज्ञों को रवाना किया गया है.यूएन स्वास्थ्य एजेंसी ने यहाँ दो टन चिकित्सा सामग्री भी भेजी है, जिसमें व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण, लैब उपकरण और अन्य मेडिकल आपूर्ति है.इबोला के प्रकोप से जूझ रहे कसाई प्रान्त की भौगोलिक स्थिति चुनौतीपूर्ण है, क्योंकि यहाँ हवाई सम्पर्क सीमित हैं. साथ ही, यहाँ तक पहुँचने में कम से कम एक दिन का समय लगता है.अफ़्रीका में WHO के क्षेत्रीय निदेशक, डॉ. मोहम्मद जानाबी ने कहा कि “हम दृढ़ता के साथ वायरस के फैलाव को रोकने और समुदायों की सुरक्षा के लिए काम कर रहे हैं.”