ईपीसीएच ने उत्तर प्रदेश की नई निर्यात नीति का स्वागत किया, हस्तशिल्प को मिलेगा बढ़ावा

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 03 सितम्बर 2025, 6:41 PM (IST)

दिल्ली एनसीआर। हस्तशिल्प निर्यात संवर्धन परिषद (ईपीसीएच) ने उत्तर प्रदेश निर्यात संवर्धन नीति 2025-30 का स्वागत किया है, इसे राज्य के हस्तशिल्प उद्योग के लिए एक नए विकास पथ की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। यह नीति बुनियादी ढांचा प्रदान करती है जो उत्तर प्रदेश की हस्तशिल्प मूल्य श्रृंखला में क्लस्टर इकोसिस्टम को मजबूत करने, बाजार संबंधों का विस्तार करने और अनुपालन की क्षमताओं को बढ़ाने की परिषद की दीर्घकालिक दृष्टि के साथ मेल खाती है।
ईपीसीएच के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने कहा कि वैश्विक व्यापार में अनिश्चितता के दौर में यह नीति निर्यातकों के लिए समय पर और व्यावहारिक सहयोग प्रदान करेगी। उन्होंने बताया कि यह नीति निर्यात बढ़ाने, कारीगरों की आय बढ़ाने और मुरादाबाद, सहारनपुर, आगरा, फिरोजाबाद जैसे समूहों को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने का एक स्पष्ट मार्ग प्रदान करती है।
ईपीसीएच के महानिदेशक डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि नीति के कुछ महत्वपूर्ण प्रावधानों में भारत और विदेशों में मेलों में भागीदारी के लिए अतिरिक्त आर्थिक सहायता, ई-कॉमर्स से जुड़ने में मदद और निर्यात ऋण बीमा प्रीमियम सहायता शामिल है। उन्होंने यह भी बताया कि यह नीति बाजार से जुड़ी सामान्य जानकारियों को जुटाने के लिए एक समर्पित प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) और व्यापार सुविधा केंद्रों की परिकल्पना करती है, जिससे छोटे उद्योगों (एमएसएमई) को कम लागत पर काम करने में मदद मिलेगी।
ईपीसीएच के कार्यकारी निदेशक आर. के. वर्मा ने बताया कि ईपीसीएच के अध्यक्ष डॉ. नीरज खन्ना ने पहले ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर निर्यात को बढ़ावा देने के लिए नीतिगत हस्तक्षेपों का अनुरोध किया था । उन्होंने कहा कि ईपीसीएच सरकार के साथ मिलकर इस नीति को सफल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
ईपीसीएच के अनुसार, वर्ष 2024-25 के दौरान भारत से कुल हस्तशिल्प निर्यात 33,123 करोड़ रुपये रहा, जिसमें से उत्तर प्रदेश का निर्यात 7122.49 करोड़ रुपये था । परिषद ने यह भी बताया कि इस नीति की अधिसूचना जल्द ही जारी होने की उम्मीद है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे