आपसी सामंजस्य और सौहार्द के साथ मनाएं त्योहार : कलेक्टर

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 02 सितम्बर 2025, 6:34 PM (IST)

तेज आवाज में डीजे बजाने पर होगी सख्त कार्रवाई
भीलवाड़ा। आगामी जलजुलनी ग्यारस, बारावफात और अनंत चतुर्दशी पर्व को लेकर मंगलवार को जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधु की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग, जनप्रतिनिधि और समाज के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कलेक्टर संधु ने कहा कि त्योहारों का उद्देश्य आपसी भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करना है। उन्होंने सभी समुदायों से अपील की कि वे किसी भी अफवाह या गलतफहमी में न आएं और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखें।
सुरक्षा और शांति पर जोर
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह यादव ने कहा कि संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई होगी और धार्मिक स्थलों के आसपास सुरक्षा बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि त्योहार प्रेम, एकता और भाईचारे के साथ मनाए जाएं।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि तेज आवाज में डीजे बजाने पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अशांति या असुविधा पैदा न हो।
समाज का सहयोग
बैठक में मौजूद शांति समिति के सदस्य और विभिन्न समुदायों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। सभी ने मिलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर एडीएम प्रशासन ओ.पी. मेहरा, एडीएम सिटी प्रतिभा, विभिन्न जिला स्तरीय अधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे