टोंक। जिले के छोटे से गाँव डारडा हिंद के प्रतिभाशाली एथलीट धर्मराज चौधरी ने एक बार फिर अपने जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने बीकानेर में आयोजित राजस्थान स्टेट जूनियर (अंडर-20) एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए 1500 मीटर और 5000 मीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक जीते हैं।
धर्मराज ने 1500 मीटर की दौड़ 3.58 मिनट में और 5000 मीटर की दौड़ 14.40 मिनट में पूरी कर गोल्ड मेडल हासिल किए। इससे पहले, वह स्टेट लेवल अंडर-23 प्रतियोगिता में 5000 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल भी जीत चुके हैं।
किसान परिवार से आने वाले धर्मराज की आर्थिक स्थिति कमजोर है, लेकिन उनके माता-पिता ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्हें हमेशा प्रोत्साहित किया। गाँव के सत्यनारायण चौधरी, कस्टम अधिकारी शिवम, और सीताराम पीटीआई ने भी हर कदम पर उनका मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग किया।
गाँव वालों का मानना है कि धर्मराज की यह सफलता युवाओं के लिए एक बड़ी प्रेरणा है, जो यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत और लगन से हर मुश्किल लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे