पूलासर (चूरू)। भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय की ओर से चूरू जिले के पूलासर ग्राम में विशेष जनचेतना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को केन्द्र सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ उनका प्रत्यक्ष लाभ भी उपलब्ध करवाया गया। कार्यक्रम में सांसद राहुल कस्वां ने कहा कि सरकार सभी वर्गों के कल्याण की योजनाएं चला रही है। लोगों को उनका लाभ उठाना चाहिए। समारोह को सरदारशहर प्रधान सत्यनारायण सहारण, पूर्व विधायक अशोक पींचा ओैर सरपंच रामकिशन पारीक ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा, श्रीश्याम भारत गैस, कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, और वित्तीय साक्षरता केेन्द्र की ओर से स्टॉल लगाई गई। सांसद कस्वां ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए और क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया। क्षेत्रीय प्रचार निदेशालय की ओर से पिछले 5 दिनों में पूलासर और आसपास के गांवों में रंगोली, मेहंदी, कुर्सी दौड़, वॉलीबाल, स्वच्छ घर स्वच्छ आंगन, कबड्डी, चित्रकला, युवा दौड़ और भाषण प्रतियागिताओं का आयोजन किया गया था। जनचेतना कार्यक्रम में 400 मृदा कार्ड वितरित किए गए और बीपीएल परिवार की महिलाओं को उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन के लिए पंजीकृत किया गया। समारोह से पूर्व स्कूली बच्चों की एक रैली भी निकाली गई।