यूक्रेन के ख़ारकीव और ज़ैपोरिझझिया शहर पर, रूस द्वारा किए गए रातभर के ड्रोन हमलों में लगभग 10 लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल हैं. संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (UNICEF) ने इन मौतों की पुष्टि करते हुए, हमलों की कड़ी निन्दा की है. Tweet URL
यूनीसेफ़ ने कहा है, “यूक्रेन में क्रूर हमलों के कारण एक बार फिर मासूम ज़िन्दगियाँ ख़त्म हो गईं. आबादी वाले क्षेत्रों पर हमले बन्द किए जाएँ और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए.”ये हमले ऐसे समय हुए हैं जब यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की कुछ योरोपीय नेताओं के साथ, अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन पहुँचे, जहाँ उनकी मुलाक़ात, अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प से होनी है.राष्ट्रपति ट्रम्प ने इससे पहले शुक्रवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ, सम्भावित शान्ति समझौते के मुद्दे पर बातचीत की थी.ख़ारकीव में तबाही यूक्रेनी अधिकारियों ने एक वीडियो साझा किया है जिसमें, ख़ारकीव के एक आवासीय परिसर की ऊपरी मंज़िलों और छत का हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त नज़र आया. रूस की सीमा से महज़ 30 किलोमीटर दूर स्थित ख़ारकीव, यूक्रेन का दूसरा सबसे बड़ा शहर है. यह शहर 24 फ़रवरी 2022 को शुरू हुए रूसी आक्रमण के बाद से लगातार निशाने पर रहा है.दक्षिणी शहर ज़ैपोरिझझिया पर हुए एक अन्य हमले में, तीन लोगों की मौत हो गई और लगभग 20 लोग घायल हो गए. यूक्रेनी अधिकारियों के मुताबिक़, उन्होंने रातभर में दागे गए 88 ड्रोन और मिसाइलों को नाकाम कर दिया.बढ़ते ड्रोन हमलेसंयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार निगरानी मिशन (HRMMU) की हालिया रिपोर्ट में बताया गया है कि जुलाई 2025 में नागरिक हताहतों की संख्या, मई 2022 के बाद सबसे अधिक रही.इस दौरान 286 लोगों की मौत हुई और 1 हज़ार 388 लोग घायल हुए.