करंट लगने से महिला की मौत

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 25 अगस्त 2016, 10:45 PM (IST)

नई दिल्ली। यमुनापार के उस्मानपुर इलाके में 40 वर्षीय एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। हालांकि महिला के परिजनों ने ससुराल वालों पर करंट लगा कर मारने का आरोप लगाया है। वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि फ्रीज के नीचे से साबुन निकालते समय वह करंट की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


मृतका की पहचान पहला पुश्ता निवासी गीता के रूप में हुई है। गीता के परिवार में पति विजय कुमार, एक बेटा व एक बेटी है। गीता का मायका करोलबाग में है। महिला के परिजनों के मुताबिक गुरूवार सुबह उन्हे सूचना मिली की गीता की तबियत खराब होगई है। उसके मुहं से झाग आ रहे हैं। परिजन जब अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि करंट लगने से उसकी मौत हो गई है।

परिजनों का आरोप है कि गीता को करंट लगा कर मारा गया है। काफी समय से ससुराल वाले उसे परेशान कर रहे थे। जिसके चलते उसने लगभग 4 माह पहले जहरीला पदार्थ पी लिया था। दो सप्ताह पहले भी उसके साथ मार पीट की गई थी।