मुख्यमंत्री सैनी का कांग्रेस पर हमला: ईवीएम पर भ्रम फैलाना गलत, राहुल गांधी का इलाज कराएं

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 13 अगस्त 2025, 4:48 PM (IST)

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में गड़बड़ी के कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। कुरुक्षेत्र में तिरंगा यात्रा के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सैनी ने कहा कि हरियाणा में 10 ऐसी सीटें हैं, जहाँ कांग्रेस 100 से 1,000 वोटों के मामूली अंतर से जीती है। उन्होंने कहा कि अगर ईवीएम में कोई गड़बड़ी होती तो कांग्रेस इन सीटों पर जीत नहीं पाती।
मुख्यमंत्री ने कटाक्ष करते हुए कहा, "कांग्रेसियों को अपने नेता राहुल गांधी को समझाना चाहिए और उनका इलाज कराना चाहिए, क्योंकि झूठ का कोई इलाज नहीं है।" सैनी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि जब भी चुनावों के नतीजे उनके पक्ष में नहीं आते, तो वे ईवीएम पर सवाल उठाते हैं। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस और 'इंडी' गठबंधन के नेताओं ने संविधान को खतरे में होने का झूठा प्रचार किया, लेकिन जनता ने उनकी बातों पर विश्वास नहीं किया और तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं बचा है और वह बीजेपी के विकास कार्यों को देखकर बौखला चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा गरीबों के लिए चलाई जा रही योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड, उज्ज्वला योजना और मुफ्त राशन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा झूठ का सहारा लेती है, लेकिन अब लोग उनके झूठ को समझ चुके हैं।
सैनी ने 14 अगस्त को 'विभाजन विभीषिका दिवस' के रूप में मनाने की प्रधानमंत्री की पहल की सराहना की, और कहा कि यह उन लाखों लोगों को याद करने का अवसर है जिन्होंने देश के विभाजन का दर्द झेला था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे