चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का मानसून सत्र शुक्रवार से शुरू होगा। दो दिनों तक चलने वाले इस सत्र में खट्टर सरकार को घेरने के लिए कांग्रेस ने कमर कस ली है। फसल बीमा योजना, लॉ एंड आर्डर, रियो ओलिंपिक, दादी टैक्स के मामले में कांग्रेस खट्टर सरकार को घेरेगी। चंडीगढ़ में गुरुवार को हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में इसकी रणनीति बनाई गई। कांग्रेस की तरफ से शुक्रवार को 12 बजे एक बार फिर रणनीति बनाने के लिए बैठक की जाएगी। वहीं कांग्रेस 2 दिनों के मानसून सत्र को बढ़ाने की भी मांग करेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा का कहना है कि खट्टर सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। सरकार ने किसानों की दुर्दशा की है। फसल बीमा योजना किसानों पर थोपी जा रही है। हुड्डा ने व्यंग्य करते हुए कहा कि रियो ओलिंपिक में गए खेल मंत्री को सदन में घेरा जाएगा। वहीं पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा ने खेल मंत्री अनिल विज पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके दौरे पर करीब पौने 2 करोड़ रुपए खर्च किए गए। अगर यही पैसे खिलाडिय़ों पर खर्च किए जाते तो वो अच्छा प्रदर्शन करते। वहीं उन्होंने कहा कि शिक्षा अधिकारियों पर हरियाणा सरकार दादी टैक्स लगा रही है। इस मुद्दे को भी उठाया जाएगा। हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र में जहां पहली बार मुनि तरुण सागर महाराज के कड़वे प्रवचन होने हैं, वहीं कांग्रेस खट्टर सरकार को घरने की पूरी तैयारी में है।