सायना को 4 स्थान का नुकसान, सिंधु...

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 25 अगस्त 2016, 5:39 PM (IST)

नई दिल्ली। देश की शीर्ष महिला बैटमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल गुरुवार को विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) की जारी ताजा रैंकिंग में चार स्थान फिसलकर नौवें पायदान पर पहुंच गईं, जबकि रियो ओलंपिक में रजत पदक जीतने वालीं पीवी सिंधु 10वें पायदान पर कायम हैं। रियो ओलम्पिक में नॉकआउट चरण से पहले ही हारकर बाहर होने वाली ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की महिला जोड़ी भी चार स्थान नीचे 26वें स्थान पर फिसल गईं।

हालांकि रियो में पुरुष एकल वर्ग के क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय करने वाले किदांबी श्रीकांत को एक स्थान का फायदा हुआ है और वे 10वें पायदान पर पहुंच गए। अजय जयराम भी एक स्थान ऊपर 22वें पायदान पर पहुंच गए। लंदन ओलंपिक-2012 में कांस्य पदक विजेता सायना रियो ओलंपिक में ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ सकीं। खराब प्रदर्शन का उन्हें विश्व रैंकिंग में खामियाजा भुगतना पड़ा और उन्हें चार स्थानों का नुकसान हुआ।

रियो ओलम्पिक में कांस्य पदक जीतने वाली जापान की नोजोमी ओकूहारा और चीन की शिजियान वांग तीन-तीन स्थान के लाभ के साथ क्रमश: तीसरे और छठे पायदान पर पहुंच गईं। रियो में सेमीफाइनल में हारकर बिना पदक लिए बाहर हुईं ली जुईरेई एक स्थान के फायदे के साथ दूसरे, जबकि चीन की ही यिहान वांग दो स्थान फिसलकर चौथे पायदान पर पहुंच गईं। फाइनल में सिंधु को हराकर ओलम्पिक स्वर्ण पदक हासिल करने वाली स्पेन की कैरोलीन मारिन शीर्ष स्थान पर और मजबूत हुई हैं।

पुरुष एकल वर्ग में मलेशिया के ली चोंग वेई ओलम्पिक फाइनल हारने के बावजूद शीर्ष पर बने हुए हैं, जबकि बिना पदक लिए लौटे गत विजेता चीन के लिन डैन भी तीसरे पायदान पर जमे हुए हैं। पुुरुष एकल वर्ग में शीर्ष-10 में श्रीकांत के अलावा कोई अंतर नहीं हुआ है।

सुपरसीरीज और नंबर-1 की कुर्सी मेरा लक्ष्य : सिंधु

हैदराबाद। ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पुरसाला वेंकट सिंधु ने कहा है कि अब वे विश्व सुपरसीरीज पर ध्यान केंद्रित करेंगी क्योंकि यही एक पुरस्कार है, जो वे जीत नहीं सकी हैं। साथ ही सिंधु ने यह भी कहा कि वरीयता क्रम में नंबर-1 की कुर्सी हासिल करना उनका अंतिम लक्ष्य है।

सिंधु ने कहा कि ओलम्पिक में रजत जीतने के बाद अब वे अपने प्रतिद्वंद्वी खिलाड़ियों की नजर में सबसे बड़ा निशाना होंगी। हैदराबाद निवासी सिंधु ने जब अपने गृहप्रदेश और गृहनगर में प्रवेश किया तो आंध्र प्रदेश और तेलंगाना की सरकारों ने उनका शानदार स्वागत किया। सिंधु ने कहा कि अब उनका सबसे पहला लक्ष्य सुपरसीरीज खिताब अपनी झोली में डालना है। बीते साल डेनमार्क ओपन सुपरसीरीज आयोजन में उपविजेता रहीं सिंधु ने कहा कि मेरा पहला लक्ष्य सुपरसीरीज है।

मैं इसी पर ध्यान केंद्रित करूंगी। सिंधु के लिए नंबर-1 की कुर्सी हमेशा से एक लक्ष्य रहा है। साल 2012 में शीर्ष-25 में शामिल होने के बाद सिंधु ने नंबर-1 बनने का सपना देखा था। विश्व चैम्पियनशिप में दो बार कांस्य पदक जीत चुकीं सिंधु ने कहा कि अगर आप लगातार टूर्नामेंट जीतते रहेंगे तो आप अपने आप नंबर-1 बन जाएंगे। इसके लिए मुझे काफी मेहनत करनी होगी और अपना श्रेष्ठ देना होगा। सिंधु के लिए बैडमिंटन एक जुनून है। आठ साल की उम्र में बैडमिंटन रैकेट थामने वाली सिंधु के माता-पिता अंतरराष्ट्रीय वॉलीबॉल खिलाड़ी रहे हैं।

(IANS)