कारखाने में आग से मचा हड़कंप, मजदूरों के क्वार्टर जलकर राख

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 23 जुलाई 2025, 5:36 PM (IST)

हावड़ा। हावड़ा में सोमवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक कारखाने में अचानक आग भड़क उठी। घटना दोपहर करीब दो बजे की है, जब मजदूर फैक्ट्री परिसर के भीतर अपने-अपने काम में जुटे थे। इसी दौरान मजदूरों के लिए बनाए गए क्वार्टर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते लपटें तेज़ हो गईं और क्वार्टर जलने लगे।
घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में भगदड़ मच गई और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को सूचित किया गया। थोड़ी ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और लगभग बीस मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
सौभाग्यवश इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि मजदूरों के क्वार्टर पूरी तरह से जलकर खाक हो गए हैं।
दमकल अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। प्राथमिक रूप से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। घटना की जांच की जा रही है।
स्थानीय प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने मजदूरों को अस्थायी रूप से दूसरी जगह शिफ्ट करने की व्यवस्था शुरू कर दी है। इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर दमकल की एक टीम अब भी तैनात है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे