झालावाड़। राज्य सरकार द्वारा आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से चलाए जा रहे अटल जन सेवा शिविर अभियान के तहत बुधवार को पंचायत समिति सुनेल में उपखण्ड स्तरीय अटल जन सेवा शिविर का आयोजन हुआ। शिविर की अध्यक्षता जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने की।
शिविर में जिला कलेक्टर ने आमजन की समस्याओं को न केवल गंभीरता से सुना, बल्कि त्वरित समाधान की दिशा मे कार्रवाई भी सुनिश्चित की।
शैलेन्द्र की पीड़ा सुनी - मदद का हाथ बढ़ाया
शिविर के दौरान सुनेल निवासी शैलेन्द्र ने जिला कलक्टर को एक भावुक प्रार्थना पत्र सौंपा, जिसमें उन्होंने बताया कि वह गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और समुचित इलाज के लिए उनके पास संसाधन नहीं हैं। उन्होंने खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाने का निवेदन किया ताकि उन्हें चिकित्सा सहायता प्राप्त हो सके।
जिला कलक्टर ने न सिर्फ तुरंत ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी को इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, बल्कि शिविर स्थल पर ही शैलेन्द्र को व्हीलचेयर भी प्रदान की, जिससे वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं।
शैलेन्द्र ने अपने बच्चे का आधार कार्ड नहीं बनने की समस्या भी साझा की, जिस पर जिला कलक्टर ने सूचना सहायक को निर्देश दिए कि आधार बनाने में आ रही समस्या का तुरंत समाधान किया जाए और उसी दिन आधार कार्ड बना दिया गया।
जन समस्याओं पर संवेदनशीलता से लिया संज्ञान
शिविर में ग्रामीणों द्वारा नियमित पेयजल आपूर्ति, प्रधानमंत्री आवास योजना, खाद्य सुरक्षा योजना में नाम जुड़वाना, चरागाह भूमि से अतिक्रमण हटाना, स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति, सड़कों और बिजली की समस्याएं आदि रखी गईं। जिला कलक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए और पेयजल की समस्या पर जलदाय विभाग को तुरंत निरीक्षण कर सप्लाई बहाल करने को कहा।
शिविर में उपखण्ड अधिकारी दिनेश कुमार मीणा, तहसीलदार अज़हर बैग, पंचायत समिति प्रधान सीता भील सहित सभी विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे