भारत से मिला जल संरक्षण का सबक-डेस

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 23 अगस्त 2016, 3:11 PM (IST)

उदयपुर। ब्रिक्स सम्मेलन के दूसरे दिन अन्य देशों के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के जल स्वावलंबन अभियान के तहत लगाई गई प्रदर्शनी को देखा। फॉर वॉटर कांसेप्ट पर प्रदर्शित एक जीवंत मॉडल को देखने के बाद दक्षिण अफ्रिका के मंत्री डेस वेन रोयीन काफी प्रभावित हुए।

उन्होंने कहा कि वे भारत से जल संरक्षण का सबक लेकर लौट रहें है। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका पिछले कई वर्षों से सूखे की समस्या से ग्रसित है। यहां आयोजित प्रदर्शनी में जल स्वावलंबन अभियान के कई मॉडल भी दिखाए गए थे। इन मॉडलों में पानी को संरक्षित करने के अतिरिक्त पानी भूमि में कैसे समाहित हो यह भी दर्शाया गया था।

राजस्थान सरकार के जल ग्रहण क्षेत्र विकास विभाग की ओर से इस सम्मेलन के लिए चार भाषाओं में बनाई गई प्रदर्शनी में चीनी, रशियन,अंग्रेजी और हिन्दी भाषा में सम्पूर्ण जानकारी प्रदर्शित की गई। उदयपुर के राजविलास होटल में हुए सम्म्मेलन में ब्रिक्स के प्रतिनिधियों ने आपदा प्रबंधन को लेकर चर्चा की।