झाबर सिंह खर्रा ने किया मास्टर प्लान 2041 का प्रकाशन, कहा—निजी स्वार्थ नहीं, जनहित होगी प्राथमिकता

www.khaskhabar.com | Published : बुधवार, 25 जून 2025, 8:37 PM (IST)

सीकर। नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बुधवार को सीकर नगर परिषद सभागार में मास्टर प्लान 2041 के प्रारूप का विधिवत प्रकाशन किया। इस अवसर पर मास्टर प्लान पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया गया, जो आगामी एक महीने तक आमजन के लिए खुली रहेगी। शहरवासी इस दौरान प्रदर्शनी का अवलोकन कर जनहित से जुड़ी आपत्तियाँ एवं सुझाव दर्ज करवा सकेंगे।

राज्य मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह मास्टर प्लान सीकर शहर के सुनियोजित और दूरदर्शी विकास की आधारशिला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आने वाले एक महीने तक आमजन से प्राप्त होने वाली आपत्तियों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और व्यापक जनहित को ध्यान में रखते हुए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे सुझावों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा जो सामूहिक हित में हों, जबकि व्यक्तिगत लाभ से जुड़ी आपत्तियों पर कोई विचार नहीं किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि वे आगे आकर सकारात्मक सोच और जिम्मेदार नागरिक भाव के साथ योजना में भागीदार बनें, ताकि आने वाली पीढ़ियों को सुव्यवस्थित और आधुनिक नगरीय सुविधा उपलब्ध हो सके।

मंत्री खर्रा ने कहा कि विकास की प्रक्रिया तभी सार्थक होती है जब उसमें जनसहभागिता हो और उसका क्रियान्वयन नियोजित तरीके से किया जाए। उन्होंने बताया कि मास्टर प्लान 2041 के अंतर्गत 50 गांवों को शामिल किया गया है। एक माह तक जन आपत्तियाँ प्राप्त कर उनका निस्तारण किया जाएगा, जिसके पश्चात राज्य सरकार द्वारा इसे धरातल पर उतारा जाएगा।

इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों लक्ष्मी, सरोज, जमन, चुंकली और पुतली को दस-दस हजार रुपये के चेक वितरित किए। साथ ही उन्होंने मास्टर प्लान प्रदर्शनी का विधिवत उद्घाटन करते हुए नक्शों और योजनाओं का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में धोद विधायक गोवर्धन वर्मा ने भी अपने विचार रखते हुए कहा कि सीकर जिस गति से विकास की ओर अग्रसर है, उसके अनुरूप सुविधाओं और संसाधनों को विकसित करना समय की आवश्यकता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सीकर जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा ने बताया कि मास्टर प्लान 2021 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। सड़कों की चौड़ाई, सेक्टर विभाजन, ग्रीन एरिया, औद्योगिक क्षेत्र, बस स्टैंड, स्कूल व कॉलेज जैसे ढांचे यथावत रहेंगे। रिंग रोड की चौड़ाई भी पूर्ववत 200 फीट रखी गई है।

नगर परिषद सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण व आमजन उपस्थित रहे। मास्टर प्लान प्रदर्शनी को लेकर आमजन में विशेष रुचि देखी जा रही है, और नागरिक इसे शहर के सुनियोजित विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम मान रहे हैं।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे