ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर अमेरिका का हमला, ट्रंप का दावा – अब शांति का समय है

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 22 जून 2025, 09:00 AM (IST)

तेहरान/वॉशिंगटन। अमेरिका ने ईरान के तीन प्रमुख परमाणु ठिकानों पर एक बड़ा हवाई हमला किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार तड़के इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि अमेरिकी लड़ाकू विमानों ने फ़ोर्दो, नतांज़ और इस्फ़हान में स्थित परमाणु सुविधाओं को सफलतापूर्वक निशाना बनाया है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने हमलों के तुरंत बाद अपने सोशल मीडिया मंच 'ट्रुथ सोशल' पर लिखा, “हमने फ़ोर्दो, नतांज़ और इस्फ़हान समेत ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर सफलतापूर्वक हमलों को अंजाम दिया है। सभी विमान अब ईरान के वायु क्षेत्र से बाहर हैं और सुरक्षित रूप से लौट रहे हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारे महान अमेरिकी योद्धाओं को बधाई। दुनिया में कोई और सेना ऐसा नहीं कर सकती थी। अब शांति का समय है।”
ट्रंप का राष्ट्र के नाम संबोधन
राष्ट्र के नाम अपने आधिकारिक संबोधन में ट्रंप ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा कि इन परमाणु ठिकानों के नाम “दुनिया तब से सुन रही है जब से ईरान ने इन भयानक हथियारों की दिशा में काम शुरू किया था।”
उन्होंने कहा, “आज हम दुनिया को बता सकते हैं कि ये हमले शानदार और सफल रहे हैं।”
उन्होंने ईरान को चेतावनी दी कि अगर वह शांति स्थापित नहीं करता तो भविष्य में हमले “और भी बड़े और आसान” होंगे।
ट्रंप ने इस कार्रवाई में सहयोग के लिए इजराइल और प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू का विशेष आभार भी जताया और कहा कि अब भी कई ठिकाने निशाने पर हैं।
इजराइल ने की कार्रवाई की सराहना
इस्राइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी कार्रवाई का स्वागत करते हुए बयान दिया : “राष्ट्रपति ट्रंप और मैं हमेशा कहते हैं — ताक़त के ज़रिए शांति। पहले ताक़त आती है और फिर शांति आती है। आज रात अमेरिका ने ताक़त का स्पष्ट प्रदर्शन किया है।”
इजराइल के सरकारी प्रसारणकर्ता ‘केन’ के अनुसार, इस्राइली अधिकारियों ने अमेरिकी अभियान के दौरान पूरे समय समन्वय बनाए रखा।
किस तरह हुआ हमला?
समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से बताया है कि इस हमले में B-2 स्टेल्थ बॉम्बर्स का इस्तेमाल किया गया। इससे पहले ऐसी रिपोर्ट्स आई थीं कि अमेरिका ने गुआम स्थित अपने सैन्य अड्डे से B-2 बमवर्षक विमानों को पश्चिम एशिया की ओर भेजा था।
इन अत्याधुनिक स्टेल्थ विमानों की सहायता से अमेरिका ने ईरान के उच्च-संवेदनशील परमाणु ठिकानों को बड़ी सटीकता से निशाना बनाया।
ईरान की प्रतिक्रिया : “हमले बर्बर थे
ईरान की परमाणु ऊर्जा एजेंसी (AEOI) ने इन हमलों को “बर्बर” बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की है। एजेंसी ने कहा कि अमेरिका ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन किया है और IAEA (अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी) की “बेरुख़ी” को भी जिम्मेदार ठहराया।
AEOI के बयान में अंतरराष्ट्रीय समुदाय से अपील की गई है कि वह “इन हमलों की निंदा करे और ईरान के उचित रुख़ का समर्थन करे।”
वहीं ईरान के सरकारी टेलीविजन के राजनीतिक निदेशक हसन अबेदिनी ने दावा किया कि इन ठिकानों को “पहले ही खाली करा लिया गया था।” उनका कहना था कि “अगर ट्रंप जो कह रहे हैं वह सच भी हो, तो भी कोई गंभीर नुकसान नहीं हुआ।”
ज़मीनी हालात और धमाकों की पुष्टि
ईरान की समाचार एजेंसी तस्नीम के अनुसार, क़ौम प्रांत के संकट प्रबंधन विभाग के प्रवक्ता मोर्तज़ा हैदरी ने कहा कि "फ़ोर्दो परमाणु केंद्र के क्षेत्र में एक हिस्सा हवाई हमले की चपेट में आया।"
इस्फ़हान और नतांज़ में भी कई धमाकों की आवाज़ें सुनी गईं।
इस्फ़हान के डिप्टी गवर्नर (सुरक्षा विभाग) अकबर सलेही ने हमलों की पुष्टि करते हुए कहा, “हमने इस्फ़हान और नतांज़ के परमाणु ठिकानों के पास हवाई हमलों को होते देखा है।”
अंतरराष्ट्रीय प्रतिक्रिया का इंतज़ार
फिलहाल दुनिया भर के देशों की प्रतिक्रिया का इंतज़ार है। कूटनीतिक हलकों में इस हमले को लेकर गंभीर चर्चा शुरू हो चुकी है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की एक आपात बैठक बुलाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
विशेषज्ञों के अनुसार, यह हमला मध्य-पूर्व में तनाव को अभूतपूर्व स्तर तक ले जा सकता है और इसका असर वैश्विक ऊर्जा बाजार, तेल कीमतों और सामरिक समीकरणों पर भी पड़ सकता है।
अमेरिका और ईरान के बीच यह ताज़ा टकराव दुनिया को एक और बड़ी जियो-पॉलिटिकल अनिश्चितता की ओर धकेल सकता है। ट्रंप की चेतावनियों और नेतन्याहू के समर्थन के बाद क्षेत्र में संभावित प्रतिक्रियात्मक हमलों की आशंका बनी हुई है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे