नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर में मौजूदा स्थिति को लेकर आज गहरी पीड़ा जताई और संविधान के दायरे में स्थायी समाधान निकालने के लिए वार्ता करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने जम्मू कश्मीर के विपक्षी नेताओं के एक शिष्टमंडल से यह बात कही। उन्होंने कहा कि हाल की गड़बड़ी में जान गंवाने वाले हमारे ही अंग हैं और हमारे युवाओं, सुरक्षा बलों या पुलिस, भले ही किसी की जान जाए यह हमारे लिए परेशान करने वाली बात है।
मोदी ने विपक्षी दल के नेताओं से मुलाकात के दौरान कहा कि उनकी सरकार जम्मू-कश्मीर राज्य के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक पार्टियों को लोगों के बीच जाकर यह संदेश देना चाहिए। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात में पीएम ने राज्य की मौजूदा स्थिति पर गहरा दुख जताया और घाटी में स्थिति सामान्य होने की अपील की।
पीएम मोदी ने इस मीटिंग के दौरान कहा, संविधान के दायरे में हमें स्थायी समाधान तलाशने की जरूरत है। सूत्रों ने बताया कि पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर की समस्याओं को हल करने के लिए सभी राजनीतिक दलों से साथ मिलकर काम करने की अपील की।
उन्होंने राज्य के विकास के प्रति अपने संकल्प को भी दोहराया। इससे पूर्व नेशनल कांफ्रेंस नेता उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल प्रधानमंत्री से मिला और उसने घाटी में वर्तमान संकट के समाधान के लिए एक राजनीतिक दृष्टिकोण अपनाये जाने तथा पूर्व की गलतियों की पुनरावृत्ति नहीं होने देने को कहा।
कश्मीर में हिजबुल मुजाहिद्दीन के कमांडर बुरहान वानी के आठ जुलाई को मारे जाने के बाद से अशांति कायम है।