बंद पड़ा अंबाला का इंटरनेशनल स्वीमिंग पूल आज से होगा चालू, डीएसओ पर गिरेगी गाज!

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 09 जून 2025, 2:04 PM (IST)

अम्बाला। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अम्बाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में बंद पड़े अंतर्राष्ट्रीय स्तर के ऑल वेदर स्वीमिंग पूल को लेकर कड़ा संज्ञान लिया है। उनकी नाराजगी के बाद, यह स्वीमिंग पूल आज शाम से ही चालू हो जाएगा, जिससे खिलाड़ियों और आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी।
आज कैबिनेट मंत्री अनिल विज से स्वीमिंग करने वाले कुछ बच्चों ने मुलाकात कर स्वीमिंग पूल बंद होने की शिकायत की। बच्चों की शिकायत सुनने के बाद, मंत्री अनिल विज तुरंत एक्शन में आ गए और उन्होंने तत्काल राज्य के खेल मंत्री गौरव गौतम से फोन पर बात की।
इस संबंध में पत्रकारों से बात करते हुए अनिल विज ने बताया, "कुछ बच्चे मेरे पास आए थे जिन्होंने बताया कि वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय स्तर का ऑल वेदर स्वीमिंग पूल नहीं चल रहा है।" उन्होंने हैरानी जताई कि यह स्वीमिंग पूल उन्हीं के प्रयासों से बनवाया गया था और अब बच्चे इसका फायदा नहीं उठा पा रहे हैं क्योंकि यह बंद पड़ा है।
कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि उन्होंने खेल मंत्री गौरव गौतम से इस मामले में फोन पर बात की और इसे "गलत बात" बताया। विज ने गौरव गौतम से इस पर संज्ञान लेने और स्वीमिंग पूल के बंद होने तथा इसका टेंडर न होने के लिए जिम्मेदार जिला खेल अधिकारी (डीएसओ) के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा।
मंत्री अनिल विज ने यह भी कहा कि चूंकि अब कम समय में टेंडर नहीं हो सकता, इसलिए उन्होंने खेल मंत्री से अनुरोध किया कि स्वीमिंग पूल को सरकार द्वारा स्वयं चलाया जाना चाहिए। वहीं, कैबिनेट मंत्री अनिल विज को फोन पर खेल मंत्री गौरव गौतम ने पूर्ण आश्वासन देते हुए कहा, "विज साहब आप बच्चों को कह दो कि शाम से स्वीमिंग पूल चालू हो जाएगा और सरकार इस स्वीमिंग पूल को स्वयं चलाएगी।"
गौरतलब है कि अनिल विज के अथक प्रयासों से ही अम्बाला छावनी के वार हीरोज मेमोरियल स्टेडियम में इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के ऑल वेदर स्वीमिंग पूल का निर्माण किया गया था। यह स्वीमिंग पूल आधुनिक सुविधाओं से लैस है, जिसमें सर्दियों में भी स्वीमिंग की जा सकती है। इसके साथ ही एक वार्मअप स्वीमिंग पूल भी बनाया गया है।
इस पूल में पहले खेलो इंडिया और अन्य राष्ट्रीय स्तर के कई मुकाबले सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं। हालांकि, इन गर्मियों में स्वीमिंग पूल चालू न होने से खिलाड़ियों में काफी मायूसी थी, जिस पर मंत्री अनिल विज ने व्यक्तिगत रूप से संज्ञान लेकर तुरंत समाधान सुनिश्चित किया है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे