वॉलीबॉल में ब्राजील की पुरुष टीम ने जीता सोना

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 22 अगस्त 2016, 11:54 AM (IST)

रियो डी जनेरियो। ब्राजील की पुरुष टीम ने रविवार को रियो ओलंपिक के अंतिम दिन शानदार प्रदर्शन करते हुए इटली को हरा वॉलीबॉल का खिताब जीत लिया। ब्राजीली टीम ने लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने के बाद सोना हासिल किया है। मेजबान टीम ने इटली को 3-0 (25-22, 28-26, 26-24) से हराया।

यह ओलम्पिक फाइनल में 2000 के सिडनी ओलम्पिक के बाद किसी टीम की पहली सीधे सेटों की जीत है। सिडनी में युगोस्लाविया ने रूस को 3-0 से हराया था। यह इस खेल में ब्राजील का तीसरा स्वर्ण है। चार साल पहले लंदन में तीसरा स्थान हासिल करने वाली इटली की टीम को इस साल रजत मिला। यह उसका तीसरा रजत है और साथ ही उसने अब तक कुल तीन कांस्य भी जीते हैं।

गत चैंपियन रूस को हरा अमेरिका ने जीता कांस्य



तीन बार की चैंपियन अमेरिकी पुरुष वॉलीबॉल टीम ने रविवार को रियो ओलंपिक में गत चैंपियन रूसी टीम को हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। अमेरिकी टीम एक समय चार बार की चैंपियन रूस से 0-2 से पीछे चल रही थी, लेकिन इसके बाद अमेरिकी खिलाडिय़ों ने जबरदस्त वापसी की और अगले तीनों सेट अपने नाम करते हुए कांस्य पदक जीत लिया, जो ओलंपिक खेलों में उसका दूसरा कांस्य है।

अमेरिका ने रूस को 23-25, 21-25, 25-19, 25-19, 15-13 से हराया। अमेरिकी टीम ने स्पाइक के जरिए 72 अंक हासिल किए, जबकि रूसी टीम सिर्फ 52 अंक हासिल कर सकी। ब्लॉक के मामले में हालांकि रूस आगे रहा और उसने आठ के मुकाबले अमेरिका के 12 शॉट ब्लॉक किए। अमेरिका ने सर्विस पर आठ अंक जुटाए, जबकि रूस ने पांच अंक। अमेरिका की ओर से सबसे तेज 122 किलोमीटर प्रति घंटे की सर्विस दर्ज की गई। रूस को 32 गलतियां करने का खामियाजा भुगतना पड़ा।

पुरुषों का क्रॉस कंट्री खिताब स्विस चालक निनो को

स्विस चालक निनो शर्टर ने रविवार को रियो ओलंपिक में माउंटेन बाइक की क्रॉस कंट्री रेस जीत ली। निनो ने माउंटेन बाइक सेंटर में एक घंटे 33.28 मिनट के साथ स्वर्ण पर कब्जा जमाया जबकि चेक गणराज्य के जारोस्लाव खुल्हावी ने 1:34:18 घंटे के साथ रजत जीता। कांस्य 1:34:51 घंटे के साथ कार्लोस कोलोमा निकोलस ने जीता। निनो ने इसके साथ ओलंपिक में मेडल सेट पूरा कर लिया है। इस चैंपियन खिलाड़ी ने बीजिंग में कांस्य जीता था जबकि लंदन में इसने रजत पदक प्राप्त किया था। निनो तीन ओलंपिक पदक हासिल करने वाले पहले माउंटेन बाइकर हो गए हैं।

(IANS)