राखी पर बाहर गए, 80लाख की चोरी

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 21 अगस्त 2016, 8:45 PM (IST)

नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के मोतीनगर इलाके में चोरों ने एक हार्डवेयर व्यापारी के घर से 80 लाख की चोरी कर ली है। घटना रक्षाबंधन वाले दिन हुई जब व्यापारी अपने परिवार के साथ लौटकर घर आया तो उसे मामले की जानकारी हुई। चोरों ने पूरे घर में सामान इधर-उधर भी फैला दिया था। चोर पीछे की ओर से घर में घुसे थे। मोतीनगर थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।


गुरूवार को हुई पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस ने बताया कि चोरी विनय कुमार गुप्ता के घर हुई। वह मोतीनगर में रहते हैं, रक्षाबंधन पर वो अपने परिवार के साथ हरियाणा गए थे। अगले दिन वापस आये तो उनका घर पीछे से खुला हुआ था। चोर घर के पीछे के दरवाजे को तोडकर 40 लाख रूपये कैश,40लाख के आभूषण ले गये। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद है जिसमें चोर एक स्कूटी और कार पर आते हुए दिखाई दे रहे हैं। जिसमें पहले कार से दो लोग आते हुए दिखाई देते हैं, वहीं स्कूटी से तीन लडके रेकी करते हुए दिखाई दिए हैं। इसके बाद वे ग्रिल काटकर अंदर घुस जाते हैं। वारदात को चोरों ने डेढ घंटे के अंदर अंजाम दिया।