दौसा। मेहंदीपुर बालाजी के उदयपुरा रोड पर भरत बाल विद्या निकेतन स्कूल के पास रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पिता को दुकान पर खाना देकर लौट रहे 16 साल के बच्चे का अपहरण हो गया। पिता की दुकान से 300 मीटर दूर बच्चे की साइकिल मिली है। साइकिल के पास एक धमकी लिखी पर्ची भी मिली है, जिसमें लिखा है कि तेरा बेटा मारा गया, 7:30 पर लाश मिलेगी।
इस घटना के बाद हड़कंप मच गया लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। बच्चे की सरगर्मी से तलाश की जा रही है। दौसा डीएसपी रवि प्रकाश शर्मा और बांदीकुई डिप्टी एसपी रोहिताश देवंदा मेहंदीपुर बालाजी पहुंच गए।
पिता बलराम ने बताया कि हरिसोना धर्मशाला के सामने उसकी वुडन आइटम की दुकान है। दोपहर करीब 12:30 बजे उसका बेटा शिवम साइकिल से खाना देने आया था। वह 1:00 बजे दुकान से घर के लिए रवाना हुआ था। घर और दुकान के बीच की दूरी करीब एक किलोमीटर है। करीब 20 मिनट बाद भी वह घर नहीं पहुंचा तो परिजन उसे तलाश करने निकले।
उदयपुरा रोड पर भरत बाल विद्या निकेतन स्कूल के पास करीब 1:30 बजे शिवम की साइकिल मिली। साइकिल के पास ही कागज का एक छोटा सा टुकड़ा भी पड़ा था। जिस पर लाल मार्कर से लिखा है कि तेरा बेटा मारा गया, 7:30 पर लाश मिलेगी। शिवम राजकीय माध्यमिक विद्यालय मेहंदीपुर बालाजी में पढता है। हाल ही में उसका 10वीं का रिजल्ट आया था। उसके 65 प्रतिशत नंबर आए हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे