धौलपुर। जिले के सैपऊ बाड़ी मार्ग से गुजरने वाली पार्वती नदी की रपट पर रविवार को फिर चादर चल गई। रपट पर एक फुट से ज्यादा पानी चलने के बावजूद वाहन चालक और राहगीर जान जोखिम में डालकर वहां से निकल रहे हैं। चादर चलने के बाद भी उपखंड प्रशासन हरकत में नहीं आया और लोगों को रपट पर जाने से रोकने के लिए किसी तरह के इंतजाम नहीं किए। इस कारण यहां हादसे का अंदेशा बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक आंगई बांध का गेट बराबर बनाए रखने के लिए दो गेट खोलकर पार्वती नदी में पानी छोड़ा गया है। पानी की अधिक आवकहोने से सैपऊ रपट पर एक फुट से अधिक पानी की चादर चल रही है। इस संबंध में जब सैपऊ तहसीलदार बृजेश मंगल ने बात की गई तो उन्होंने बताया कि नदी की निचली आबादी में हल्का पटवारियों को तैनात कर अलर्ट जारी किया है। वहीं पार्वती नदी की रपट पर निकलने वाले वाहनों और राहगीरों की रोकथाम के लिए पुलिस जाब्ता तैनात किया जाएगा।