खनन माफियाओं में हड़कंप – वन विभाग की ताबड़तोड़ कार्रवाई जारी

www.khaskhabar.com | Published : गुरुवार, 29 मई 2025, 12:47 PM (IST)

रुदावल। भरतपुर जिले के रुदावल क्षेत्र में अवैध खनन के खिलाफ वन विभाग की सख्ती लगातार जारी है। ताजा कार्रवाई में वन विभाग ने सेंडस्टोन से भरे एक ट्रेलर को जब्त किया है। जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई बंधबारेठा रेंजर जीतेंद्र की अगुवाई में की गई, जिसमें उनकी टीम भी मौके पर मौजूद रही।

बताया जा रहा है कि जब्त किए गए ट्रेलर में भारी मात्रा में सेंडस्टोन भरा हुआ था, जिसे अवैध तरीके से ले जाया जा रहा था। इससे पहले भी कल देर रात वन विभाग ने एक ट्रैक्टर को जब्त किया था, जिसमें अवैध रूप से खनन किया गया माल भरा हुआ था।

लगातार हो रही कार्रवाईयों से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। वन विभाग की मुस्तैदी और सक्रियता से यह साफ हो रहा है कि अब अवैध खनन करने वालों पर नकेल कसी जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने भी विभाग की इस मुहिम की सराहना की है और उम्मीद जताई है कि यह अभियान इसी तरह जारी रहेगा, जिससे क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा को संरक्षित किया जा सके।

वन विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में और भी सख्त कदम उठाए जाएंगे और अवैध खनन में लिप्त लोगों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे