श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार इलाके में नियंत्रण रेखा से घुसपैठ की कोशिशों को रविवार को सेना ने नाकाम कर दिया। इस दौरान हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए। मारे गए आतंकी बीते 19 अगस्त को तंगधार इलाके में बीएसएफ चौकी पर हुए हमले में शामिल थे। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए थे।
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल एनएन जोशी ने बताया कि रविवार तड़के नियंत्रण रेखा के पास सेना के जवानों ने पीओके की तरफ से आतंकियों के समूह को घुसपैठ करते हुए देखा। जब उसे समर्पण करने को कहा गया तो आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए। घटनास्थल से तीन हथियार और विस्फोटक मिले हैं।
जोशी ने बताया कि आतंकवादियों की तलाश में सुरक्षाबलों का आसपास के जंगलों में अभियान अभी भी जारी है। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं हैं कि यहां आतंकवादी मौजूद हैं या नहीं। उन्होंने कहा, बड़ी संख्या में आतंकवादी नियंत्रण रेखा से घुसपैठ करने की फिराक में हैं। सुरक्षाबलों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है। नजदीकी शिविरों से अतिरिक्त सुरक्षाबलों को वन क्षेत्र में भेजा गया है।