बहरोड़ में आत्म-रक्षा शिविर का शुभारंभ, बेटियों को सिखाई जाएंगी आत्मरक्षा की तकनीकें

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 20 मई 2025, 11:50 AM (IST)

बहरोड़। अग्रवाल नवयुवक मंडल, बहरोड़ द्वारा आयोजित आत्म-रक्षा शिविर का शुभारंभ शनिवार को हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि कदंब फाउंडेशन की संस्थापक शिल्पा अग्रवाल एवं कृषि उपज मंडी की उपाध्यक्ष रेखा संजय अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर किया। समाज की बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में यह शिविर एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

शिविर में रेणुका शर्मा एवं विनीता शर्मा द्वारा बच्चों को आत्म-रक्षा की तकनीकें सिखाई जाएंगी। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें संकट की घड़ी में आत्मरक्षा के उपायों से अवगत कराया जाएगा, जिससे वे आत्मविश्वास के साथ हर परिस्थिति का सामना कर सकें।

कार्यक्रम में नवयुवक मंडल अध्यक्ष आलोक अग्रवाल, सचिव लोकेश अग्रवाल सहित मंडल की पूरी कार्यकारिणी टीम सक्रिय रूप से मौजूद रही। आयोजन में समाज के वरिष्ठ जनों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही जिनमें समाज अध्यक्ष संजय अग्रवाल, बर्बरीक अग्रवाल, डॉ. मनीष अग्रवाल, महिला मंडल अध्यक्ष नीतू महेश अग्रवाल एवं कोषाध्यक्ष मधु रमन गोयल प्रमुख रहे।

इस अवसर पर शिल्पा अग्रवाल ने कहा, "बेटियों को केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि आत्मरक्षा के गुर भी आने चाहिए। आज का समय सजग और सक्षम रहने का है, और ऐसे शिविर उन्हें आत्मविश्वास से भरते हैं।"

कार्यक्रम में भाग लेने आए गणमान्य नागरिकों ने नवयुवक मंडल की इस पहल की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की आवश्यकता जताई। आयोजन का उद्देश्य बेटियों को सुरक्षा का प्रशिक्षण देना ही नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और एक सकारात्मक माहौल बनाना भी है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे