सायना की सर्जरी सफल,4महीने कोर्ट से दूर

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 20 अगस्त 2016, 7:08 PM (IST)

रियो डी जनेरियो। भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाडी सायना नेहवाल ने शनिवार को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल (केडीएएच) में अपने दाहिने घुटने की सर्जरी कराई। सायना को ठीक होने में चार महीने लगेंगे। सर्जरी के बाद सायना ने टि्वटर पर हंसती हुई स्माइली के साथ पियों में लिपटे अपने दाहिने पैर की तस्वीर साझा की है और लिखा है-सर्जरी के बाद। हालांकि इससे पहले किए गए ट्वीट में सायना ने कहा था कि वह काफी डरी हुईं हैं और पूरी रात सो नहीं सकीं।


केडीएएच के कार्यकारी निदेशक राम नारायण ने बताया,सायना की सर्जरी शनिवार सुबह की गई जो सफल रही और अब वह अस्पताल में स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके दाएं घुटने के जोडों के बीच चोट आई थी। घुटने की चकरी से छोटा सा हड्डी का टुकडा टूटकर अलग हो गया था। इसके कारण उन्हें काफी दर्द हो रहा था। सर्जरी के बाद सायना चार महीने कोर्ट से दूर रहेंगी। चार महीने कोर्ट से दूर रहने का मतलब है कि सायना अपनी वर्तमान रैकिंग से नीचे फिसल जाएंगी। वह दिसंबर में होने वाली दुबई विश्व सीरीज में भी हिस्सा नहीं ले पाएंगी। नारायण ने बताया कि सायना का ऑपरेशन सेंटर फॉर स्पोर्ट्स मेडिसिन के अध्यक्ष एवं आर्थोस्कॉपी एंड शोल्डर सर्विस के निदेशक डॉक्टर दिनशॉ पारदीवाला की देखरेख में उनकी चिकित्सकीय टीम ने की जो सफल रही।

सायना को चारों ओर से टि्वटर पर सर्जरी के लिए शुभकामनाएं मिल रही हैं और सायना ने सर्जरी के बाद सभी का आभार भी व्यक्त किया है। सबसे पहले उन्हें दिग्गज क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने शुभकामनाएं दीं। सचिन ने कहा,आप जल्दी से घुटने की सर्जरी से उबर आएं। करियर में चोटों का दौर काफी बुरा होता है, लेकिन आप हमेशा से ही जुझारू रही हैं। इससे पहले विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट कर लिखा,हर भारतीय आपके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहा है। सायना ने इस पर तुरंत प्रतिçRया की और लिखा,सुषमा मैडम आपका शुक्रिया।


सायना ने रियो ओलिंपिक में घुटने की चोट के बावजूद दो मैच खेले थे और एक मैच जीतने में सफल रही थीं। लंदन ओलिंपिक-2012 में कांस्य पदक जीतने वाली सायना ने यूक्रेन की मारिडा उलीतिना के खिलाफ हुए अपने दूसरे ग्रुप मैच से पहले दर्द निवारक इंजेक्शन लिया था। उलीतिना के हाथों हारकर उनके जल्द ही रियो से बाहर होने के पीछे उनकी चोट प्रमुख वजह रही और मैच के दौरान वह स्पष्ट तौर पर दर्द से जूझती दिखाई दी थीं। सायना को सर्जरी के लिए शुभकामनाएं देने वालों में वीरेंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, रितेश देशमुख, सोनाक्षी सिन्हा, कपिल शर्मा, फराह खान, गोल्फ खिलाडी शर्मिला निकोलेट, सुनील शेट्टी और उनकी बेटी अथिया शेट्टी और महानायक अमिताभ बच्चन भी शामिल हैं। बॉलिवुड अभिनेता दीपक डोबरियाल ऑपरेशन के बाद सानिया का हाल-चाल लेने अस्पताल पहुंच गए और सायना ने उनके साथ खिंची तस्वीर टि्वटर पर साझा की।
(आईएएनएस)