श्रीनगर। दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के केल्लर क्षेत्र में स्थित शुकरू वन इलाके में मंगलवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े तीन आतंकवादियों को मार गिराया गया है।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि क्षेत्र में आतंकियों की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिलने के बाद सेना और पुलिस के संयुक्त बल ने इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही सुरक्षाबलों ने तलाशी अभियान तेज किया, वहां छिपे आतंकवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी। सुरक्षाबलों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी कार्रवाई की।
लगभग दो घंटे तक चली इस मुठभेड़ के दौरान तीन आतंकवादियों को ढेर कर दिया गया। फिलहाल, मारे गए आतंकियों की पहचान की जा रही है और उनके पास से बरामद हथियार व गोला-बारूद की जांच की जा रही है।
सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान को अभी भी जारी रखा है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समाप्त किया जा सके। पुलिस का कहना है कि आतंकियों के खिलाफ इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
इस मुठभेड़ को सुरक्षाबलों की एक बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है, क्योंकि यह इलाका पिछले कुछ समय से आतंकी गतिविधियों का गढ़ बनता जा रहा था।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे