चित्तौड़गढ़। बेगूं थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोर गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा और मध्यप्रदेश के नीमच जिले में की गई आधा दर्जन से अधिक वारदातों को स्वीकार किया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले की जांच एएसआई रामदयाल के नेतृत्व में की गई। 29 अप्रैल को भीलवाड़ा के आम्बा थाना क्षेत्र निवासी रमेशचंद्र लौहार की मोटरसाइकिल नया बस स्टैंड बेगूं से चोरी हो गई थी। इस पर पुलिस ने घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की तलाश शुरू की।
तलाशी के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक चोरी की बाइक लेकर काटूंदा से बेगूं की तरफ आ रहे हैं और उन्हें सस्ते दामों में बेचने की फिराक में हैं। इस पर नया बस स्टैंड बेगूं पर कोर्ट परिसर के सामने नाकाबंदी की गई। पुलिस टीम ने देवकरण उर्फ देवराज उर्फ सानू उर्फ सानिया गर्ग पुत्र कैलाशचंद्र गर्ग तथा रोहित मेवाड़ा पुत्र राजकुमार मेवाड़ा, दोनों निवासी खुर्रा बाजार, बेगूं को एक चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने — बेगूं कस्बे से तीन मोटरसाइकिलें (एक सरकारी अस्पताल, एक नीलकंठ महादेव मंदिर, एक नया बस स्टैंड से)। चित्तौड़गढ़ शहर के सावनियाजी अस्पताल से दो। भीलवाड़ा के महात्मा गांधी अस्पताल से एक और नीमच जिले के रतनगढ़ थाना क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर सातों चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कर ली गईं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भीड़भाड़ वाले स्थानों की रेकी कर वाहन चोरी करते थे और सस्ते दामों में बेचकर शराब व अन्य शौक पूरे करते थे।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी शिवलाल मीणा के निर्देशन में एएसआई रामदयाल, कांस्टेबल रमेशचंद्र, विजय और मनोहर की टीम शामिल रही। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों का कोई अन्य आपराधिक नेटवर्क तो नहीं है।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे