सिंधु पर इनामों की बौछार, जानिए,क्या मिला!

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 20 अगस्त 2016, 1:21 PM (IST)

नई दिल्ली। ओलिंपिक में सिल्वर मेडल जीतने के बाद पीवी सिंधु पर धन की बारिश हो रही है। सिंधु के लिए पुरस्कारों के ऐलान का सिलसिला जारी है। बैडमिंटन की महिला सिंगल्स स्पर्धा में भारत की ओर से पहला सिल्वर हासिल करने वाली सिंधु को बैडमिंटन असोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) ने 50 लाख रुपये का पुरस्कार देने का ऐलान किया है।



बीएआई के प्रेजिडेंट डॉ. अखिलेश दास गुप्ता ने शनिवार को कहा कि हमने द्रोणाचार्य पुरस्कार विजेता पीवी सिंधु के कोच पुलेला गोपीचंद को भी 10 लाख रुपये का पुरस्कार देने का फैसला लिया है।

दिल्ली सरकार देगी 2 करोड़ रुपये

दिल्ली की आम आदमी पार्टी सरकार ने सिल्वर मेडलिस्ट पीवी सिंधु को दो करोड़ रुपये और पहलवान साक्षी मलिक को एक करोड़ रुपये की राशि देने का ऐलान किया है। यही नहीं डीटीसी में कार्यरत साक्षी मलिक के पिता को प्रमोशन का ऑफर भी दिया है।

एक करोड़ रुपये का पुरस्कार देगी तेलंगाना सरकार

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने सिल्वर जीतने पर पीवी सिंधु को एक करोड़ रुपये का पुरस्कार देने का ऐलान किया है। इसके अलावा देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उनके बेहतरीन प्रदर्शन पर बधाई दी है।

मध्य प्रदेश सरकार ने किया 50 लाख का ऐलान

मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली सरकार ने सिंधु को 50 लाख और पहलवान साक्षी मलिक को 25 लाख रुपये का पुरस्कार देने का ऐलान किया है।

गौरतलब है कि शुक्रवार को हुए फाइनल मुकाबले में दुनिया की 10वें नंबर की खिलाड़ी पीवी सिंधु को वर्ल्ड नंबर 1 कैरोलिना मारिन के हाथों कड़े मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा था।

बैडमिंटन में यह भारत का पहला सिल्वर मेडल है। इससे पहले 2012 के लंदन ओलिंपिक में साइना नेहवाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था।