मजबूत है पाक के ‘हिंदू जासूस’ का नेटवर्क

www.khaskhabar.com | Published : शनिवार, 20 अगस्त 2016, 12:29 PM (IST)

जैसलमेर। राजस्थान के सीमावर्ती जैसलमेर से गिरफ्तार पाक जासूस नंदलाल से पूछताछ में सामने आया है कि राजस्थान और गुजरात में जासूसी का उसका बङ़ा नेटवर्क है। 50 से ज्यादा जासूस उसके जरिए आईएसआई के लिए जासूसी कर रहे हैं और ये सभी उसी को रिपोर्ट करते हैं। बीएसएफ और सेना में भी इन जासूसों के संपर्क हैं।
पूछताछ में नंदलाल ने यह भी बताया कि सीमा पार से तस्करी के जरिए लाए आरडीएक्स को जयपुर पहुंचाने की तैयारी कर रहा था। जांच एजेंसियां आम्र्स, विस्फोटक और ड्रग की बॉर्डर के इस पार डिलीवरी लेने वाले तस्करों और जासूसों को तलाश रही हैं। वहीं, जासूस नंदलाल महाराज के पास से बरामद डायरी ने खुफिया एजेंसियों के होश उड़ा दिए हैं। डायरी में हिंदुस्तान में 35 किलो आरडीएक्स लाए जाने का जिक्र है।
जासूस के तार सीमा पार से तस्करी करने वाले तस्करों के नेटवर्क से है। ऐसे में आशंका यह है कि तस्करी के नेटवर्क के जरिए ही सीमा पार से आरडीएक्स हिंदुस्तान पहुंचा। एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं कि आखिर यह बारूद कहां छिपाया है। नंदलाल छह साल से आईएसआई का सीक्रेट एजेंट बनकर जासूसी कर रहा है। भारत के रक्षा संस्थानों की जानकारी भी वह आईएसआई को देता है।


नंदलाल पांच अगस्त को वीजा और पासपोर्ट के साथ भारत पहुंचा था। जैसलमेर में रक्षा प्रतिष्ठानों की जासूसी का शक गया तो खुफिया एजेंसियों ने गुरुवार को नंदलाल को जैसलमेर की होटल मारू पैलेस से पकड़ा। तलाशी में रक्षा संस्थानों के गोपनीय दस्तावेज, नक्शे और फोटोग्राफ उसके पास मिले। पाकिस्तान और हिंदुस्तान दोनों की मोबाइल सिम उसके पास थी। नंदलाल पाकिस्तान के सांगड़ जिले के खीपड़ का रहने वाला है। पिछले छह साल से हिंदुस्तान में जासूसी कर रहा था। कई बार भारत आ चुका। इस बार ढाई साल बाद आया था।
नंदलाल सीमा के इस पार के तस्करों को पाकिस्तान में मादक पदार्थ से लेकर हथियार और गोला बारूद सस्ते में मुहैया करवाता और बदले में सूचनाएं लेता था। ये सूचनाएं वाट्सऐप और स्काइप के जरिए आईएसआई को भेज रहा था। नंदलाल पाकिस्तान में टैक्सटाइल का बिजनेस करता है। एजेंसियों को शक है कि बड़ी मात्रा में आरडीएक्स इसने तस्करों के जरिए पाकिस्तान से भारत में भिजवाया। एजेंसियां पूछताछ कर रही है कि आखिर वो बारूद कहां है और इसका इस्तेमाल भारत में किसी वारदात को अंजाम देने के लिए करने की साजिश तो नहीं और कहीं आंतकियों के किसी प्लान का नंदलाल हिस्सा तो नहीं।