रियो डी जनेरियो। ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे 31वें ओलिंपिक खेलों
में भारत को बैडमिंटन में पहला रजत पदक दिलाने वाली महिला खिलाडी पीवी
सिन्धु ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने शुरूआत में सोचा नहीं था कि वह पदक
जीत पाएंगी।
सिंधु ने ओलिंपिक में शुक्रवार को ही महिला एकल वर्ग के फाइनल में रजत पदक
पर कब्जा जमाया है। फाइनल में उन्हें विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त
खिलाडी स्पेन की कैरोलिना मारिन ने मात दी है।
मारिन ने 10वीं विश्व वरीयता प्राप्त सिंधु को 19-21, 21-12, 21-15 से
हराया। सिंधु का यह पहला ओलिंपिक था और उन्होंने अपने पहले ओलम्पिक में
इतिहास रच दिया।
मैच के बाद सिंधु ने कहा,मुझे गर्व है कि मैं ओलिंपिक में रजत पदक जीत सकी।
हां, स्वर्ण इससे काफी बेहतर होता, लेकिन मैं अच्छा खेली।
उन्होंने कहा,शुरूआत में मैंने नहीं सोचा था कि मैं पदक जीत पाऊंगी, लेकिन
जब मैं पदक की दौड में आई तो मेरा लक्ष्य अच्छा खेलना था जोकि मैंने किया।
मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ खेल खेला।
विश्व की 10वीं वरीयता प्राप्त खिलाडी ने कहा, मेरी प्रतिद्वंद्वी ने शानदार खेल खेला। मैंने उन सभी रणनीतियों को अपनाया जिनके बारे में हमने चर्चा की थी। मैं रजत पदक जीत कर काफी खुश हूं। (आईएएनएस)