मिसाल : इस शख्स ने श्मशान की पलट दी काया

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 19 अगस्त 2016, 8:48 PM (IST)

जोधपुर। शहर की बीजेएस कॉलोनी में बने राजपूत समाज के श्मशान की कायापलट हो गई है। वर्षों पूर्व यहां गहरे गड्ढों और अव्यवस्थाओं के बीच शवयात्रा के साथ आने वाले लोगों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब यहां के हालत पूरी तरह बदल गए हैं। शहर की शख्सीयत कॉलोनी निवासी मूलसिंह चांदावत ने बीएसएनएल से सेवानिवृत्त होने के बाद श्मशान के सौंदर्यन का बीड़ा उठाया और 14 साल की अथक मेहनत के बाद श्मशान की कायापलट दी।
पूजा के समय में करते थे पेड़ों की सार-संभाल

मूलरूप से नागौर के सेवा गांव के मूलसिंह को प्रकृति से इतना लगाव है कि वे मंदिर में पूजा के समय में श्मशान में पेड़-पौधों की सार-संभाल करने पहुंच जाते हैं। रोजाना सुबह जल्दी उठना, श्मशान घाट पर जाना और फिर वहां शिव की आराधना के साथ सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करना चांदावत का नित्यकर्म बन गया। उन्होंने जीवन की अंतिम यात्रा स्थली को मंदिर की तरह बनाने का लक्ष्य बना लिया। अपने जीवन के 14 वर्षों में मूलसिंह ने श्मशान घाट में अब तक 200 पेड़-पौधे लगाए, जहां प्रकृति को संरक्षित करने की सीख मिलती है। पौधरोपण के बाद मूलसिंह ने पेड़-पौधों को पानी पिलाने के लिए 22 नल लगाकर पानी की सुचारु व्यवस्था की। सबसे बड़ी बात ये है कि जितने वृक्ष हैं, उनके तने एकदम सीधे हैं और वे आसमान छू लेने की कोशिश करते नजर आते हैं।
जीवन-मृत्यु ईश्वर की लीला है फिर श्मशान घाट पर कैसा शोक

गूगल, नीम-गिलोई, गुलाब, कल्पवृक्ष, पीपल, सागवान, आंवला, आम और अशोक के पेड़ लगाने वाले मूलसिंह कहते हैं कि जीवन-मृत्यु ईश्वर की लीला है फिर श्मशान घाट पर कैसा शोक। श्मशान घाट भी पवित्र स्थली है, जहां जीवन के बाद अंतिम कर्मों की क्रिया को अंजाम दिया जाता है, ऐसे में यहां अ-शोक ही सत्य है।
समाज और सरकार का जताया आभार

समाज और सरकार का आभार जताते हुए चांदावत का कहना है कि अंतिम संस्कार के समय यहां शोक संतप्त लोगों के बैठने के लिए 78 बैंचों का निर्माण करवाया गया है। खूबसूरत बगीचों को स्वरूप में लाया गया और इसमें किसी का साथ नहीं था, बल्कि यह सब अकेले मूलसिंह ने किया। सरकार पेड़ लगाने की लाख बातें करती है, करोड़ों रुपया खर्च कर देती है, लेकिन वे पेड़ कहीं फलते नहीं दिखाई देते। पेड़ लगाने और उनकी परवरिश करने में मूलसिंह ने अपना सारा समय लगा दिया। मूलसिंह के लिए श्मशान ही मंदिर है जहां वो राम का नाम और सत्य की निष्ठा के साथ जीवन के कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। मूलसिंह के मन में सत्य का बोध हुआ तो लक्ष्य भी हासिल हो गया। समय के साथ खुद के बल पर कब श्मशान घाट मंदिर बन गया पता ही नहीं चला। अपने जीवन के 14 साल श्मशान के सौंदर्यन में बिताने वाले मूलसिंह के चेहरे पर अब श्मशान की कायापलट देख सुकून नजर आता है।