श्रीनगर। श्रावण पूर्णिमा और रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रसिद्ध छडी
मुबारक के पवित्र गुफा पहुंचने के साथ ही गुरूवार को वार्षिक अमरनाथ यात्रा
का समापन हो गया।
अधिकारियों ने बताया कि अमरनाथ यात्रा दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के
पहलगाम मार्ग और मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले के बालताल मार्ग से दो जुलाई
को शुरू हुई थी,इस यात्रा के दौरान 2.20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गुफा
में बाबा बर्फानी के दर्शन किए। ज्यादातर तीर्थयात्रियों ने 45 किलोमीटर
लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग के बजाय 16 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से
यात्रा की।
महंत दीपेन्द्र गिरि के नेतृत्व में गुरूवार सुबह पंजतरनी से शुरू हुई छडी
मुबारक की यात्रा में बडी संख्या में साधुओं और श्रद्धालुओं ने हिस्सा
लिया। बम बम भोले और हर हर महादेव जैसे नारों की गूंज के साथ छडी मुबारक को
पवित्र गुफा में लाया गया।
छ़डी मुबारक के यहां पहुंचने के बाद शुरू हुई पूजा दिनभर चलेगी व शाम को
छडी मुबारक को रात्रि विश्राम के लिए पंजतरनी लाया जाएगा।
कल रात तक छडी
मुबारक पहलगाम पहुंचेगी। पहलगाम के ही लिड्डीर नदी पर पूजा और विसर्जन के
बाद साधु-संतों के लिए परंपरिक कढी-पकौडा भंडारा का आयोजन किया जाएगा। एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि यात्रा के 47वें दिन 104 यात्रियों ने
बाबा बर्फानी का दर्शन किए तथा अब तक दो लाख बीस हजार 399 श्रद्धालुओं ने
बाबा बर्फानी के दर्शन किए।