अमेरिका। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने बुधवार को बड़ा ऐलान किया। उन्होंने 75 से ज्यादा देशों पर लगाए गए टैरिफ को 90 दिनों के लिए स्थगित कर दिया है। हालांकि चीन को इस छूट से बाहर रखा गया है। उल्टा, चीन पर टैरिफ बढ़ाकर 125% कर दिया गया है, जो पहले 104% था।
चीन पर क्यों कड़ा रुख?
ट्रम्प ने कहा कि चीन ने न सिर्फ अमेरिका, बल्कि ग्लोबल मार्केट के साथ भी सम्मानजनक व्यवहार नहीं किया। यही वजह है कि अब चीन से अमेरिका आने वाला हर 100 डॉलर का सामान, टैक्स के बाद 225 डॉलर में पड़ेगा। इससे चीनी सामान की कीमतें बढ़ेंगी और अमेरिकी बाजार में उनकी मांग घटेगी।
चीन ने हाल ही में अमेरिका पर 84% का जवाबी टैरिफ लगाया था, जिससे ट्रम्प और ज्यादा सख्त हो गए।
डील करने वाले देशों के लिए टैरिफ सिर्फ 10%
ट्रम्प ने कहा कि जिन देशों ने अमेरिका से बातचीत का रास्ता अपनाया है, उनके लिए टैरिफ सिर्फ 10% रहेगा। इनमें से कई देशों ने अमेरिका से कोई जवाबी टैरिफ नहीं लगाया है। इस वजह से 90 दिनों की टैरिफ रोक से नए व्यापार समझौतों पर खुलकर बात की जा सकेगी।
कनाडा-मेक्सिको को भी राहत
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेन्ट ने बताया कि कुछ देशों के सामानों पर पहले 25% तक टैक्स लगता था, जैसे कि कनाडा और मेक्सिको। अब इन्हें भी बेसलाइन टैरिफ में लाकर 10% की दर पर लाया गया है। हालांकि यूरोपीय यूनियन को इसमें शामिल किया गया है या नहीं, इस पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे