पठानकोट RTO दफ्तर में विजिलेंस की दबिश, तीन आउटसोर्स मुलाजिम और तीन एजेंट काबू, दस्तावेज जब्त

www.khaskhabar.com | Published : सोमवार, 07 अप्रैल 2025, 5:38 PM (IST)

पठानकोट। पठानकोट जिले में एक बार फिर आरटीओ दफ्तर भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरता नज़र आया है। विजिलेंस विभाग की टीम ने सोमवार को अचानक आरटीओ दफ्तर पर दबिश दी। इस कार्रवाई में तीन आउटसोर्स मुलाजिमों और तीन एजेंटों को हिरासत में लिया गया है।

विजिलेंस टीम के डीएसपी ने मौके पर जानकारी देते हुए बताया कि लोगों से लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन पंजीकरण (आरसी) के नाम पर आम नागरिकों से अतिरिक्त पैसे वसूले जा रहे हैं। इसी के चलते यह छापेमारी की गई।

कार्रवाई के दौरान आरटीओ कार्यालय के तमाम दस्तावेज विजिलेंस टीम ने अपने कब्जे में ले लिए हैं। पास की दुकानों से पकड़े गए एजेंटों से भी जरूरी कागज़ात जब्त किए गए हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पठानकोट आरटीओ दफ्तर में विजिलेंस की कार्रवाई हो चुकी है, जिसमें एक क्लर्क और उसका साथी रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़े गए थे।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। विजिलेंस विभाग का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता बनी रहे।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे