राकेश रोशन ने अपनी फिल्म ‘काबिल’ की शूटिंग शुरू होने से पूर्व ही इसके प्रदर्शन की तिथि 26 जनवरी, 2017 घोषित कर दी थी। इसी दिन अभिनेता शाहरुख खान ने भी अपनी दो वर्ष से धीमे-धीमे बन रही फिल्म ‘रईस’ को प्रदर्शित करने की घोषणा की।
वैसे शाहरुख की रईस 2015 में प्रदर्शित होने की घोषणा हुई थी, फिर उसे
सरकाते हुई ईद 2016 पर प्रदर्शित करने की घोषणा की गई लेकिन अचानक बीच में
आदित्य चोपडा ने सलमान खान को लेकर फिल्म ‘सुल्तान’ की घोषणा की, जिसमें
उन्होंने लिखा ईद 2016 पर सुल्तान।
‘सुल्तान’ की घोषणा के साथ ही
बॉलीवुड में शाहरुख और सलमान के टकराव को लेकर बहस छिड गई। इन दोनों के
टकराव को लेकर बॉक्स ऑफिस पर आशंकाएं जाहिर की जाने लगीं कि दोनों फिल्म से
दोनों सितारों को नुकसान होगा।
शाहरुख खान ने काफी सोच-विचार और
बॉक्स ऑफिस पर अपनी फिल्म ‘फैन’ के हश्र को देखते हुए ‘रईस’ के प्रदर्शन को
स्थगित कर दिया। उनका यह निर्णय सही रहा, सलमान के सामने उनकी फिल्म का
हश्र ‘फैन’ से भी ज्यादा बुरा होता। इसके बाद अपनी फिल्म की प्रदर्शन तिथि
पर नजर डालते हुए उन्हें सबसे उपयुक्त 26 जनवरी 2017 का सप्ताह लगा, जब
ऋतिक की पूर्व घोषित फिल्म ‘काबिल’ का प्रदर्शन होना था।
शाहरुख ने
इस टकराव से बचना चाहा लेकिन निर्माता राकेश रोशन की अडी के कारण वे टकराव
पर सहमत हो गए। लेकिन अब परिस्थितियां बदल गई हैं। ऋतिक रोशन को हाल ही में
अक्षय कुमार से हुए टकराव में जबरदस्त मुँह की खानी पडी है। ‘रूस्तम’ 100
करोड को छूने जा रही है, वहीं ‘मोहेनजो दारो’ अपनी लागत को निकालने के लिए
जूझ रही है। कहा जा रहा है कि इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर मोहेनजो दारो की जो
स्थिति है उससे निर्माता स्टूडियो को 40 करोड से ज्यादा का नुकसान होगा।
अपने पांच दिन के सफर में यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 50 करोड का व्यवसाय भी
नहीं कर पाई है।
इस स्थिति को देखते हुए यह निश्चित नजर आ रहा है कि राकेश रोशन और ऋतिक रोशन ‘काबिल’ के साथ कोई टकराव नहीं चाहेंगे। ‘रईस’ को लेकर दर्शकों में बेचैनी हैं ऐसे में यदि उनकी फिल्म इसके सामने आती है तो यह निश्चित है कि उन्हें एक बार फिर से भारी नुकसान उठाना पडेगा। और ऋतिक ऐसा कभी नहीं चाहेंगे कि उनकी दो फिल्में एक के बाद एक असफल हों।