उदयपुर। जिला परिषद सभागार में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में वन एवं पर्यावरण मंत्री राजकुमार रिणवां ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से जलदाय, निर्माण, बिजली, आवास, ग्रामीण विकास संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। साथ ही विभागों से संबंधित समस्याओं के निराकरण के बारे में सवाल-जवाब किए।
मंत्री रिणवा ने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के कार्यों को महानरेगा
के तहत पूरा करने और पेयजल आपूर्ति को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
वहीं जिला कलक्टर ने पर्यटन स्थलों पर शुल्क आधारित शौचालय संचालन का भी
सुझाव दिया। प्रभारी मंत्री रिणवां ने जिले में चयनित आदर्श ग्रामों के
लिए विधायकों से कहा कि वे विकास के प्रस्ताव बनाकर दें, ताकि जरूरत की
धनराशि जुटाई जा सके। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे गांवों की डीपीआर बनाकर
प्रस्तुत करने को कहा।
इधर, बैठक में जिला प्रमुख शांतिलाल मेघवाल, सलूंबर, खेरवाड़ा सहित कई अन्य विधायकों ने पेयजल आपूर्ति में अनियमितता, टंकियों का उपयोग सुनिश्चित करने एवं जनता जल योजनाओं के प्रस्ताव बनाकर भिजवाने में शीघ्रता लाने पर जोर दिया। बैठक में प्रभारी सचिव सुबोध अग्रवाल, जिला कलेक्टर रोहित गुप्ता सहित सभी जनप्रतिननिधि और आला अधिकारी मौजूद थे।