पेइचिंग। अमेरिका और जापान की ओर से दबाव के बावजूद दक्षिण चीन सागर मुद्दे पर ‘निष्पक्ष रुख’ अपनाने के लिए भारत की सराहना करते हुए चीन के सरकारी मीडिया ने बुधवार को कहा कि दोनों देशों के बीच भले ही कुछ विरोधाभास और मतभेद हैं, लेकिन समग्र तौर पर इनके बीच द्विपक्षीय संबंध निर्बाध रूप से विकसित होते रहे हैं।
सरकारी अखबार ‘ग्लोबल टाइम्स’ में छपे एक लेख में कहा गया, ‘सुरक्षा के मुद्दे पर, दक्षिण चीन सागर पंचाट की ओर से अंतिम निर्णय सुनाए जाने पर, भारत की सरकार ने वॉशिंगटन और टोक्यो की ओर से दबाव के बावजूद निष्पक्ष रुख बनाकर रखा।’ संबंधों को सुधारने के लिए इसे ‘आगे की दिशा में एक ठोस कदम’ बताते हुए लेख में कहा गया, ‘हम इस बात को स्वीकार करते हैं कि चीन और भारत के बीच कुछ विरोधाभास और मतभेद हैं, लेकिन समग्र तौर पर द्विपक्षीय संबंध बेरोक-टोक विकसित होते रहे हैं।’ चीनी मीडिया ने कहा, ‘हमें बाधाओं पर ध्यान देने के बजाय दोनों के लाभों के लिए मदद को ज्यादा महत्व देना चाहिए। क्षेत्रीय विवादों जैसी कुछ लंबित समस्याओं के कारण, चीन और भारत के लिए सच्चे दोस्त बनना मुश्किल हो सकता है, लेकिन दुश्मन बन जाने से किसी के हित नहीं सधेंगे।’
आगे कहा गया है, ‘एशिया की दो सबसे बड़ी उभरती शक्तियों के तौर पर, यदि
चीन और भारत अपने दोस्ताना रिश्तों को बढ़ा सकते हैं और कार्बन उत्सर्जन
घटाने, विश्व बैंक और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष सुधार जैसे अंतरराष्ट्रीय
मुद्दों पर ज्यादा सहयोग कर सकते हैं तो ये दोनों देश पहले से अधिक लाभ के
भागीदार बनेंगे।’
चीनी मीडिया ने परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह (एनएसजी) में
भारत की सदस्यता को रोकने का आरोप चीन पर मढऩे में ‘बढ़-चढक़र’ सक्रियता
दिखाने के लिए भारतीय मीडिया की आलोचना भी की है। इसके साथ ही चीनी मीडिया
ने चीनी विदेश मंत्री वांग यी की पिछले सप्ताह की भारत यात्रा को दक्षिण
चीन सागर मुद्दे के लिए समर्थन जुटाने के तौर पर देखने के लिए भी भारतीय
मीडिया की आलोचना की।
चीनी मीडिया ने कहा, ‘भारतीय मीडिया ने वांग के
भारत दौरे को दक्षिण चीन सागर मामले और एनएसजी सदस्यता हासिल करने में देश
की विफलता के साथ जोडक़र देखने में कोई कसर नहीं छोड़ी। एनएसजी मामले में,
भारतीय मीडिया हद से आगे बढ़ गया। यह समस्या बीजिंग और नई दिल्ली के बीच की
नहीं है। एनएसजी सदस्यता के नियम अमेरिका या चीन नहीं बनाते और भारत इस
क्लब में दाखिल होने की योग्यता को पूरा करने में विफल रहा। एनएसजी के
दर्जन भर सदस्य अब भारत की कोशिश का विरोध कर रहे हैं इसलिए इस बात का कोई
मतलब नहीं बनता कि भारतीय मीडिया चीन पर उंगली उठाए।’ उसने कहा, ‘संभव है
कि दोनों देशों ने वांग के दौरे के दौरान इस मुद्दे पर चर्चा की हो और यह
भी संभव है कि उन्होंने इस मुद्दे पर अपने विचार, रुख और नीतियां स्पष्ट की
हों। लेकिन ऐसी अटकलों का कोई मतलब नहीं है कि वांग नई दिल्ली को एनएसजी
सदस्यता में मदद करके दक्षिण चीन सागर पर भारत का समर्थन हासिल करने की
कोशिश कर रहा है।’
पिछले कुछ दिनों में चीन के सरकारी अखबार में भारतीय
मीडिया की आलोचना करने वाला यह दूसरा लेख है। बीते 15 अगस्त को एक अन्य लेख
में इसने भारतीय मीडिया पर आरोप लगाया था कि वह द्विपक्षीय संबंधों में
असहमतियों को प्रमुखता से दिखाकर चीन के खिलाफ ‘नकारात्मक भावनाओं को भडक़ा’
रहा है। पिछले महीने, एक अंतरराष्ट्रीय पंचाट (न्यायाधिकरण) ने ऐतिहासिक
अधिकारों के आधार पर दक्षिण चीन सागर पर चीन के दावों को खारिज करके उसे
बैकफुट पर ला दिया था। इस क्षेत्र को लेकर चीन का फिलीपींस, वियतनाम,
मलयेशिया, ब्रूनेई और ताइवान के साथ समुद्री विवाद है।
मोदी और चिनफिंग
इसमें कहा गया, ‘वांग के दौरे के दौरान दोनों पक्षों ने इस बात पर भी चर्चा की होगी कि किस तरह एक करीबी साझेदारी को बढ़ावा दिया जाए। इस मुद्दे को चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग की भारत यात्रा के दौरान उठाया गया था।’ इसमें कहा गया, ‘दोनों देशों ने आर्थिक और व्यापारिक सहयोग के लिए उम्मीदें जगाई हैं, लेकिन उन्हें हकीकत में बदलने के लिए व्यापक सहमति और ज्यादा विमर्श की जरूरत है।’ आर्थिक और व्यापारिक मुद्दों में द्विपक्षीय सहयोग में आने वाली समस्याओं को बताते हुए चीनी मीडिया ने कहा कि बीते सालों में इस बारे में मिलकर काम नहीं हुआ है।