‘रूस्तम’ वर्ल्ड वाइड 120 करोड

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 16 अगस्त 2016, 11:59 PM (IST)

पिछले शुक्रवार को देश-विदेश के कई सिनेमाघरों में अक्षय कुमार अभिनीत फिल्म रूस्तम का प्रदर्शन हुआ। फिल्म को समीक्षकों की तरफ से मिलीजुली प्रतिक्रिया मिली लेकिन दर्शकों पर समीक्षाओं का कोई असर नहीं हुआ और बॉक्स ऑफिस पर उन्होंने जमकर कमाई कराई। इस फिल्म की सफलता ने बॉलीवुड के इस मिथक को भी तोडा कि बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ ‘खान’ चलता है।

अक्षय कुमार को इस फिल्म की सफलता के बाद बॉलीवुड में अब ‘रूस्तम’ के नाम से जाना जा रहा है। अक्षय की इस वर्ष प्रदर्शित यह तीसरी फिल्म है जो बॉलीवुड के 100 करोडी क्लब में शामिल होने की तैयारी कर रही है। अब तक के सफर में इसने बॉक्स ऑफिस पर 68 करोड से ज्यादा की कमाई की है। एक वेबसाइट के अनुसार वैश्विक स्तर के कारोबार को मिलाकर ‘रूस्तम’ ने अब तक 120 करोड का व्यवसाय करने में सफलता प्राप्त की है। अकेले ओवरसीज में इसने 24 करोड से ज्यादा का कारोबार किया है।

इस बात की पूरी सम्भावना है यह फिल्म इस सप्ताह के अन्त तक बॉक्स ऑफिस पर 85 करोड का व्यवसाय करने में कामयाब होगी। उम्मीदों को पर लगे हैं ट्रेड विश्लेषकों के साथ मीडिया पर्सन्स को भी आशा ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है कि यह फिल्म अगले शनिवार को बॉक्स ऑफिस पर 100 करोडी क्लब में शामिल हो जाएगी।

65 करोड की लागत से बनी ‘रूस्तम’ के लिए प्रिंट और प्रमोशन पर 20 करोड का खर्च किया गया है। इस तरह से कुल मिलाकर इस फिल्म की लागत 85 करोड बैठती है। इसमें से निर्माताओं ने 80 करोड की राशि टीवी सैटेलाइट अधिकारों के अतिरिक्त संगीत अधिकार, मोबाइल टोन्स अधिकार और टीवी रियलिटी शोज में फिल्म के गाने बजाने के अधिकार के एवज में प्राप्त कर लिए हैं।

वितरकों को कमाई के लिहाज से इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर कम से कम 90 करोड का कारोबार करना होगा। यदि कमाई का आंकडा बढने पर विचार किया जाए तो रूस्तम को बॉक्स ऑफिस पर कम से कम 120 करोड की कमाई करनी होगी। हालांकि बॉलीवुड के व्यापार विश्लेषकों को उम्मीद है कि यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 150 तक की कमाई करने में सफलता प्राप्त करेगी।

इस वर्ष अक्षय कुमार की दो फिल्में पहले ही प्रदर्शित होकर बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड से ज्यादा का व्यवसाय करने में कामयाब हुई हैं। जनवरी में प्रदर्शित हुई एअरलिफ्ट ने 127 करोड और अप्रैल में प्रदर्शित हुई हाउसफुल-3 ने बॉक्स ऑफिस पर 103 करोड का कारोबार किया है।