फरीदाबाद। नगर निगम चुनाव के बाद अब 12 मार्च को मतगणना की तैयारी पूरी कर ली गई है। मतगणना सात स्थानों पर होगी, जहां प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। 2 मार्च को हुए चुनाव के बाद सभी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) को कड़ी सुरक्षा के साथ स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखा गया है। मतगणना के लिए डीएवी शताब्दी कॉलेज, केएल मेहता दयानंद कॉलेज, एसजीएम नगर सामुदायिक भवन, डीएवी पब्लिक स्कूल (सेक्टर 14), सेक्टर 28 सामुदायिक भवन, राजकीय महिला महाविद्यालय (सेक्टर 16) और सुषमा स्वराज महाविद्यालय (बल्लभगढ़) को चिन्हित किया गया है।
हरियाणा पुलिस ने स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा के लिए तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। सीसीटीवी कैमरों की मदद से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, वहीं पुलिसकर्मी अलग-अलग शिफ्टों में ड्यूटी दे रहे हैं।
इस बार नगर निगम चुनाव में मतदान प्रतिशत में गिरावट देखने को मिली। हरियाणा राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, फरीदाबाद में कुल 40.6% मतदान हुआ, जो 2017 के 56.1% मतदान की तुलना में 15.9% कम है। हालांकि, प्रशासन ने मतदान कम होने के कारणों पर कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है।
मतगणना प्रक्रिया 12 मार्च को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। दोपहर बाद तक मेयर और पार्षद पद के विजेताओं के नाम घोषित कर दिए जाएंगे। अब प्रत्याशियों और मतदाताओं की निगाहें चुनाव परिणामों पर टिकी हैं।
ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे