दिव्यांग प्रमाणिकरण शिविर में 417 दिव्यांगों को मिला प्रमाण पत्र, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

www.khaskhabar.com | Published : शुक्रवार, 28 फ़रवरी 2025, 8:37 PM (IST)

सिरोही। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार पिंडवाड़ा पंचायत समिति परिसर में दिव्यांग प्रमाणीकरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें 417 दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। शिविर का आयोजन जिला प्रशासन, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, पंचायत राज विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम की अहम भूमिका
शिविर में कुल 465 लोगों का पंजीयन किया गया, जिनमें से 417 दिव्यांगजन प्रमाण-पत्र पाने के हकदार पाए गए। सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि शिविर में लोकोमोटर के 247, नेत्र रोग के 65, मनोरोग के 57, नाक, कान व गला के 48 दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही, 5 लोगों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर किया गया एवं 46 लोगों के दिव्यांग उपकरण चिन्हित किए गए।
शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ दीं, जिनमें –नेत्र रोग विशेषज्ञ – डॉ. हनुमंत सिंह राणावत, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ – डॉ. मोहन लाल निठारवाल, नाक व कान विशेषज्ञ – डॉ. रवीन्द्र खींची, मनोरोग विशेषज्ञ – डॉ. जयप्रकाश कुमावत।
समाज कल्याण विभाग की सराहना
शिविर में महावीर सिंह द्वारा 10 दिव्यांगजनो के लिए राजस्थान रोडवेज बस कार्ड बनाए गए। इस दौरान सिरोही जिला प्रमुख अर्जुनराम पुरोहित ने शिविर का निरीक्षण किया और समाज कल्याण एवं चिकित्सा विभाग की व्यवस्थाओं की सराहना की।
अगले शिविर की तिथियाँ घोषित : सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी ने बताया कि अगले प्रमाणीकरण शिविर निम्नलिखित तिथियों पर आयोजित किए जाएंगे – 4 मार्च – पंचायत समिति आबूरोड। 11 मार्च – पंचायत समिति शिवगंज। (समय: सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक)
शिविर में शामिल होने के लिए आवश्यक दस्तावेज : आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो, पूर्व में जारी ऑफलाइन दिव्यांग प्रमाण-पत्र (यदि उपलब्ध हो)।
इस शिविर का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना और उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार करना है।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे