रियो के चकलाघरों में छाई मंदी, देखें 6 रोचक खबरें

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 16 अगस्त 2016, 12:33 PM (IST)

रियो डी जनेरियो। ब्राजील की मेजबानी में चल रहे ओलम्पिक खेलों का आखिरी सप्ताह चल रहा है और इस दौरान खेलों का लुत्फ उठाने आए भारी संख्या में देशी-विदेशी पर्यटकों को रिझाने के लिए रियो में मौजूद करीब 12000 यौनकर्मी इस समय 50 फीसदी तक की छूट दे रही हैं।

खेलों के महाकुंभ में रियो डी जनेरियो में खेल प्रेमियों का जमावड़ा तो लगा है, लेकिन यौनकर्मियों का व्यवसाय उतना नहीं चल रहा है जितनी उन्हें उम्मीद थी। रियो के माराकाना स्टेडियम से करीब दो किलोमीटर दूर बसे सबसे बड़े रेड लाइट एरिया विला मिमोसा में इस समय मंदी छाई हुई है और कुछ ही लोग वहां जा रहे हैं।

लोगों के वहां नहीं जाने का एक कारण इस समय आम लूटपाट की घटनाएं हैं। इसी डर से लोग वहां जाने से डरते हैं। इस साल के पहले सात महीनों में कुल 2000 हत्याएं इस शहर में हो चुकी हैं। इंग्लिश में अनुवाद के बाद इस शहर का नाम द सिटी ऑफ टेंडर लव पता चला है। यहां यौनकर्मियों ने अपनी कीमत 20 रियल (1500 रुपये) से लेकर 40 रियल रखी है।

उनको उम्मीद है कि इससे लोग यहां आने के लिए आकर्षित होंगे। उन्होंने इंग्लिश, पुर्तगाली और कई अन्य भाषाओं में अपनी घटाई गई कीमतों के पोस्टर चिपका दिए हैं। देह व्यापार ब्राजील में 18 साल से ज्यादा उम्र वालों के लिए मान्य है लेकिन वैश्यालय चलाना यहां गैरकानूनी है।

रियो के जमैका हाउस में बोल्ट के लिए पार्टी

अपने स्टार खिलाड़ी जमैका के उसेन बोल्ट को ओलम्पिक में 100 मीटर स्पर्धा में हैट्रिक लगाने का रिकॉर्ड बनाते हुए देखने से चूकने वाले उनके समर्थकों ने रियो जॉकी क्लब के जमैका हाउस में शानदार पार्टी का आयोजन किया। जमैका के प्रधानमंत्री एंड्रयू होलनेस ने भी इस जश्न में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि मुझे उसेन बोल्ट पर गर्व है।

उनके जैसा खिलाड़ी सदियों में एक बार होता है। उन्होंने बताया है कि इंसान मेहनत और प्रतिबद्धता के साथ क्या हासिल कर सकता है। कैरेबिया के काले, हरे और स्वर्ण रंग के झंडे में लिपटे बोल्ट के प्रशंसक गाने गाते हुए और डांस करते हुए अपने स्टार के इतिहास लिखने का जश्न मनाते रहे।

इस जमावड़े में कई रंगों के लोग शामिल थे, जिसमें जमैका, ब्राजील, नीदरलैंड्स और इंग्लैंड के लोग थे। नीदरलैंड्स के लिए रोइंग में शुक्रवार को आठ पुरुषों की स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले रोवर ओलिविएर सिएगेलार जश्न मनाने वालों में से एक थे। उन्होंने कहा कि उसेन एक महान खिलाड़ी हैं। वे अविश्वसनीय हैं, उनका कोई सानी नहीं हैं।

मानव इमोजी

अमेरिका की जिम्नास्ट खिलाड़ी लॉरी हर्नाडेज स्वर्ण पदक जीतने वाली अपने देश की महिला तैराकी टीम की सदस्य हैं, लेकिन वह एक मशहूर व्यक्ति बन गई हैं। पलक झपकाते हुए और चेहरे के कई भावों के साथ उनकी इमोजी इस समय पूरे विश्व में खेल जगत में छाई हुई जिसने इस 16 वर्षीय खिलाड़ी को एक नई पहचान दी है। हर्नाडेज इंटरनेट पर तेजी से छा गई हैं और उन्हें द ह्यूमन इमोजी का उपनाम भी दिया जा चुका है।

वे जिम्नास्टिक रिंग में जाने से पहले हर बार जजों के सामने पलकें झपकाती हैं। इसके बाद वे अपना स्कोर देखने के बाद कैमरे के सामने पलकें झपकाती हैं। इसके साथ दौडऩे के दौरन उनके चेहरे के भावों को भी इमोजी में लाया गया है। सोशल मीडिया पर इस खिलाड़ी को लेकर आई गॉट दिस काफी चर्चा में है।

ओलम्पिक खेल गांव में हैं कंडोम मैन


रियो डी जनेरियो। रियो में खेले जा रहे ओलम्पिक खेलों में वासनोत्तेजक स्थिति में लोगों की मदद करने के लिए कंडोम मैन आगे आए हैं। हरे रंग की टी-शर्ट पहने और कंडोम से भरा बैग लिए ऐसे कई शख्स लेटक्स वेंडिंग मशीनों में कंडोम डालते हुए या खिलाडिय़ों को बांटते हुए दिख जाएंगे। सोशल मीडिया पर कंडोम वितरित करने वाले दो शख्सों इडुआडरे फोनसेका और इरिक की तस्वीरें वायरल हो गईं हैं। इन तस्वीरों पर लोग कई तरह के व्यंग्य भी कर रहे हैं। कोई उन्हें सुपर हीरो बता रहा है तो कोई उनके काम को अजब बता रहा है।

रियो में निराले बालों वाले खिलाड़ी


पूरे विश्व में लोगों के बीच चर्चा में रहने वाले खिलाड़ी हमेशा से अपने बालों के कारण भी चर्चा में रहते हैं, चाहे उनके बाल निराले हों यह मौजूदा चलन के मुताबिक। इनमें से एक हैं जिम्बाब्वे की महिला फुटबॉल खिलाड़ी मजरेरी न्यायुम्बे जिन्हें सोशल मीडिया पर लोगों ने रियो खेलों में बालों के लिए स्वर्ण पदक दे दिया है।

उनकी टीम मैदान पर कुछ खास नहीं कर पाई लेकिन 29 वर्षीय यह खिलाड़ी सोशल मीडिया पर अपने बालों के लिए छाई हुईं हैं। कई लोगों ने ट्वीट किया है कि जिम्बाब्वे की इस फुटबॉल खिलाड़ी को उनके बालों के लिए स्वर्ण पदक देना चाहिए। एक और शख्स ने अपने बालों से सभी का ध्यान खींचा है। यह हैं ब्रिटिश के जिम्नास्ट लुइस स्मिथ।

इनकी हेयरस्टाइल को मैन बन नाम दिया गया है। कई लोगों ने स्मिथ की हेयरस्टाइल को ब्रिटिश टीम के कांस्य पदक से चूकने का कारण भी माना है। एक ट्विटर यूजर ने लिखा है कि लुइस स्मिथ और हमारे पदक न जीतने में सीधा संबंध है। एक अन्य ने लिखा है कि मैं इसके लिए लुइस स्मिथ के मैन बन को जिम्मेदार ठहराता हूं। इसी के कारण वे संतुलन नहीं बना पाए।

आप पेंगुइन की तरह दिखती हैं!


अपने समय में ब्रिटेन के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाली और रियो में मशहूर कमेंटेटर रेबेका अडिलंगटन सोशल मीडिया पर काफी छाई हुईं हैं। वे एक कार्यक्रम के दौरान काले, सफेद और बैगनी कपड़ों में पहुंच गई थीं। उन्हें उनके इस फैशन के लिए निशाना बनाया गया। ट्विटर पर कई लोग उन्हें पेंगुइन बता रहे हैं। अपने कपड़ों के लिए अब तक तारीफें बटोरती आईं रेबेका को अब पेंगुइन ड्रेस के लिए जाना जा रहा है।

लेकिन, अपने समय की इस विजेता तैराक ने साबित किया है कि वे पूल के बाहर भी शानदार खिलाड़ी हैं। उन्होंने इसके बाद अपना एक वीडियो जारी किया है जिसमें वे पेंगुइन की तरह मुंह फुलाए और डगमगाते हुए चल रही हैं। उनके इस जवाब से उनके आलोचकों का मुंह बंद हो गया है।

(IANS)