रियो डी जनेरियो। चीन की चर्चित खिलाड़ी ही जी ओलंपिक इवेंट में मेडल जीतकर बेहद खुश नजर आ रही थी। लेकिन, उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि एक और सरप्राइज उनका इंतजार कर रहा है। ही के टीममेट और बॉयफ्रेंड किन काई ने ओलंपिक की मेडल सेरेमनी के दौरान उन्हें पोडियम पर ही प्रपोज किया, जिसके बाद दोनों खिलाड़ी अपने आंसू नहीं रोक पाए।
यह वाकया है रविवार का, जब रियो ओलिंपिक में ही जी ने महिलाओं के 3 मीटर स्प्रिंगबोर्ड इवेंट में सिल्वर मेडल हासिल किया। ही को स्टेज पर मेडल पहनाया गया और जब वह अपनी खुशी का इजहार कर रही थीं, तभी किन लाल रंग के छोटे से बॉक्स में हीरे की अंगूठी लेकर स्टेज पर पहुंचे और घुटनों पर बैठ गए।
एक बार तो जी को समझ ही नहीं आया कि यह हुआ क्या। यह बिल्कुल सपने जैसा था। कुछ पल बीतने के बाद उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े।
उन्होंने तुरंत किन को उठाकर कसकर गले लगा लिया और मैरेज प्रपोजल पर हामी भर दी।
इसके बाद ही ने कहा, मुझे नहीं पता था कि किन आज मुझे प्रपोज करेंगे। मुझे अपने-आप से भी इतनी जल्दी शादी की उम्मीद नहीं थी। ही ने यह भी बताया कि रविवार की दोपहर इवेंट से पहले क्या हुआ था। उन्होंने बताया, जब मैंने दोपहर में किन को देखा तो ऐसा लगा जैसे वह कुछ याद कर रहे हैं
मैंने उनसे पूछा कि वह क्या कर रहे थे तो उन्होंने बताया, मैं गाना गा रहा था। जिंदगी के इस बेहद खूबसूरत लम्हे को जीने वाली जी ने बड़ी मासूमियत से बताया, प्रपोज करते समय किन ने जो कुछ कहा था, उसमें से बहुत सारी चीजें मैं भूल गई हूं, लेकिन उन्होंने कई ऐसे वादे किए हैं, जिनकी आप उम्मीद करते हैं।
उन्होंने कहा कि वह पूरी जिंदगी मुझसे तंग होने के लिए तैयार हैं। उनकी इस बात ने मेरा दिल छू लिया। जी ने बताया कि वह और किन पिछले छह सालों से एक-दूसरे को डेट कर रहे हैं। जी ने जिस इवेंट में सिल्वर जीता।
बता दें कि जी के सिल्वर जीतने से पहले किन ने भी पिछले सप्ताह पुरुषों की सिंक्रनाइज्ड डाइव इवेंट में कांस्य पदक जीता था।
वैसे रियो ओलिंपिक में यह पहला नहीं, बल्कि दूसरा प्रपोजल है। इससे पहले ब्राजील की महिला रग्बी खिलाड़ी इसाडोरा सेरूलो को उनकी गर्लफ्रेंड ने मेडल सेरिमनी के दौरान प्रपोज किया था, जिसे इसाडोरा ने स्वीकार कर लिया था।