प्रशासन संचालन और प्रदेश के विकास के लिए खत्म किए है जिले

www.khaskhabar.com | Published : मंगलवार, 28 जनवरी 2025, 10:25 PM (IST)

-राज्य सरकार ने गंगापुर सिटी जिला खत्म करने के मामले में दिया जवाब

जयपुर।
गंगापुर सिटी जिला खत्म करने को चुनौती देने वाली याचिका के जवाब में राज्य सरकार ने हाईकोर्ट को बताया है कि सरकार ने विस्तृत विचार विमर्श और सभी प्रशासनिक पहलुओं को ध्यान में रखकर जिला समाप्त करने का फैसला ​किया है। फैसले से पहले सरकार ने सभी नवगठित जिलों की भौगोलिक औऱ अन्य परिस्थितियों का परीक्षण करवाया है और राज्य सरकार को प्रदेश में प्रशासन संचालन तथा प्रदेश के विकास के लिए फैसला लेने का अधिकार है। सरकार के जवाब के बाद याचिकाकर्ता पक्ष ने इस पर अपना प्रतिजवाब पेश करने के लिए समय मांगा तो अदालत ने सुनवाई 13 फरवरी तक टाल दी है।

आधारहीन है याचिका

राज्य सरकार की ओर से महाधिवक्ता राजेंद्र प्रसाद ने जवाब में कहा है कि जनहित याचिका आधारहीन है क्यों कि याचिकाकर्ताओ ने याचिका पेश करने से पूर्व कोई जानकारी नहीं ली ​बल्कि याचिका दायर करने के बाद आरटीआई में जानकारी मांग रहे है। इससे साबित है कि याचिका आधारहीन और खारिज करने योग्य है।

राजनीति से प्रेरित होकर खत्म किया जिला

विधायक रामकेश मीणा व अन्य ने जनहित याचिका दायर कर कहा है कि सरकार का फैसला पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। गंगापुरसिटी को जिला बने डेढ़ साल हो गया है। जिला कलेक्टर और एसपी ऑफिस खुल गए हैं। सभी किस्म का आधारभूत ढांचा विकसित हो चुका है लेकिन,सरकार बदलने के बाद राजनीति से प्रेरित होकर जनहित के विपरीत गंगापुर सिटी जिले को समाप्त किया है अत:गंगापुर सिटी जिले को समाप्त करने के सरकार के फैसले को रद्ध किया जाए।

नीमकाथाना को लेकर भी दायर याचिका

गंगापुरसिटी के अलावा नीमकाथाना से जिले का दर्जा छीनने के मामले में भी हाईकोर्ट में याचिका दायर हो चुकी है। इस याचिका पर भी सरकार ने जवाब पेश करने के लिए समय मांगा था। नीमकाथाना से पूर्व विधायक (कांग्रेस) रमेश चंद्र खंडेलवाल ने नोटिफिकेशन को चुनौती दी हैं।

28 दिसंबर को हुआ था फैसला

28 दिसंबर को कैबिनेट की बैठक में भजनलाल सरकार ने पिछली कांग्रेस सरकार में बने नए जिलों में से 9 जिलों और 3 संभागों को रद्ध करने का फैसला लिया था। गहलोत सरकार ने मार्च 2023 में इन जिलों और संभागों को बनाया था और 29 दिसंबर को नोटिफिकेशन जारी हुआ था।

ये भी पढ़ें - अपने राज्य / शहर की खबर अख़बार से पहले पढ़ने के लिए क्लिक करे