सिर्फ फिल्म बनाने के लिए नहीं बनेगी तनु वेड्स मनु-3

www.khaskhabar.com | Published : रविवार, 14 अगस्त 2016, 9:04 PM (IST)

निर्देशक आनन्द एल.राय की फिल्म ‘तनु वेड्स मनु’ के दोनों भागों में नजर आ चुके अभिनेता जिम्मी शेरगिल हिन्दी फिल्मों के साथ-साथ पंजाबी फिल्मों में भी व्यस्त हैं। हाल ही में उनसे जब यह पूछा गया कि क्या उनकी सुपर हिट फिल्म तनु वेड्स मनु का तीसरा भाग बनेगा, तो उन्होंने कहा कि फिल्म निर्माता अब तनु वेड्स मनु श्रृंखला की तीसरी फिल्म सिर्फ फिल्म बनाने के लिए नहीं बनाएंगे।


इस शृंखला की आनंद एल राय द्वारा निर्देशित पहली फिल्म 2011 में रिलीज हुयी थी, जिसमें कंगना रनौत, आर.माधवन के साथ जिम्मी शेरगिल ने भी काम किया था। गत वर्ष प्रदर्शित हुई और बॉक्स ऑफिस पर 150 करोड का कारोबार करने में कामयाब रही ‘तनु वेड्स मनु रिटर्न्स’ ने पूरी तरह से नायिका प्रधान होने के बावजूद अपने प्रस्तुतीकरण के बूते दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित करने में सफलता प्राप्त की थी।


इस शृंखला की तीसरी फिल्म के बारे में पूछे जाने पर जिमी शेरगिल ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि जब कोई ब्रांड बन जाता है, तो यह जरूरी हो जाता है कि वह समय पर जारी हो। लेकिन आनंद और हिमांशु शर्मा के बारे में बात करें, तो वह इस प्रकार के निर्देशक और लेखक हैं कि वह सिर्फ फिल्म बनाने के लिए फिल्म नहीं बनाएंगे।


उन्होंने कहा, ‘‘वह एक नयी कहानी लेंगे और उसके बाद कहेंगे कि अब हम इसके लिए तैयार हैं। जब तक ऐसा नहीं होगा वह फिल्म बनाना अथवा उसके संबंध में कुछ भी काम शुरू नहीं करेंगे। पैंतालीस वर्षीय अभिनेता को यह भी लगता है कि इस समय नई विषय वस्तु वाली सिनेमा पर ज्यादा ध्यान है, विशेष तौर पर क्षेत्रीय सिनेमा में, जो बहुत तेजी से बदल रहा है। इसके साथ ही उन्हें लगता है कि विशेष तौर पर क्षेत्रीय सिनेमा में इस प्रकार की विषयवस्तु वाली ढेरों आकर्षक सामाग्री है।